पूर्व केंद्रीय मंत्री एम. वेंकैया नायडू देश के अगले उपराष्‍ट्रपति होंगे। आज हुए चुनाव में उन्‍होंने विपक्ष के उम्‍मीदवार गोपाल कृष्‍ण गांधी को भारी मतों के अंतर से हराया। इस चुनाव में 98.21 प्रति‍शत मतदान हुआ। श्री नायडू देश के 13वें उपराष्‍ट्रपति होंगे।

एनडीए के उम्‍मीदवार एम वेंकैया नायडू और विपक्ष के उम्‍मीदवार गोपाल कृष्‍ण गांधी के बीच सीधा मुकाबला था। निर्वाचन अधिकारी के शरीफ ने मीडिया को बताया कि नायडू को 516 वोट मिले जबकि गांधी को 244 वोट मिले। दोनों सदनों के 785 सांसदों में से 771 ने मतदान में भाग लिया। 14 सांसदों ने मतदान नहीं किया।

नायडू शुक्रवार 11 अगस्‍त को उपराष्‍ट्रपति का पदभार ग्रहण करेंगे। मौजूदा उपराष्‍ट्रपति मोहम्‍मद हामिद अंसारी का कार्यकाल 10 अगस्‍त को समाप्‍त हो रहा है।

नायडू मौजूदा मोदी सरकार में आवास और शहरी विकास तथा सूचना और प्रसारण मंत्री थे। उनका जन्‍म पहली जुलाई, 1949 को आंध्रप्रदेश के नेल्‍लोर जिले के गांव चावटापालेम में हुआ था। कॉलेज के दिनों से ही वे आम आदमी विशेषकर किसानों ओर समाज के कमजोर वर्गो के कल्‍याण में गहरी रूचि‍ रखते थे। इसी कारण वे कम उम्र में ही राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों में सक्र‍ियता से भाग लेने लगे। अपने सार्वजनिक जीवन के तीन दशकों में नायडू ने भारतीय जनता पार्टी का अध्‍यक्ष का पदभार संभालने के अलावा अनेक म‍हत्‍वपूर्ण पदों पर रहे।

विपक्ष के उम्‍मीदवार भारतीय प्रशासनिक सेवा के पूर्व अधिकारी श्री गोपाल कृष्‍ण गांधी पश्चिम बंगाल के राज्‍यपाल रह चुके हैं।

You May Also Like  पिछले 24 घंटों में कोरोना के 3900 नए मामले दर्ज, 195 की मौत