Corona in Kullu: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू (Kullu) जिले में कोरोना का पहला पॉजिटिव मामला सामने आया है। संक्रमित युवक आनी के कुठेड़ गांव का रहने वाला है। युवक की ट्रेवल हिस्ट्री मुंबई की है। युवक मुंबई के एक होटल मे काम करता था और 18 मई को नौ अन्य लोगों के साथ ट्रेन से ऊना पहुंचा था। 18 मई को इन्हें एचआरटीसी बस से कुल्लू पहुंचाया गया। बजौरा पहुंचने पर थर्मल स्क्रीनिंग के साथ सभी के कोविड-19 सैंपल भी लिए गए।
सभी दस लोगों को ढालपुर स्थित जिला आयुर्वेदिक अस्पताल में आईसोलेशन में रखा गया था। मंगलवार सुबह युवक को मेडिकल टीम ने आईसोलेशन वार्ड से अन्य पांच लोगों से अलग कर दिया था।
उपायुक्त कुल्लू डॉ. ऋचा वर्मा ने बताया कि मंगलवार देर रात प्राप्त सैंपलों की रिपोर्ट में आनी का एक 23 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है (Corona in Kullu)। युवक को कोविड केयर सेंटर के आईसोलेशन वार्ड में पहले से ही अलग रखा गया था और यह कुल्लू पहुंचने के बाद किसी भी व्यक्ति से सीधे संपर्क में नहीं आया है।
आईसोलेशन में रखे अन्य सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। हालांकि एहतियात के तौर पर इन सभी के दोबारा सैंपल लिए जाएंगे। सभी को गहन चिकित्सा निगरानी में रखा गया है।
कोरोना पॉजिटिव युवक (Corona in Kullu) की हालत बिल्कुल सामान्य है और इसका यहीं पर उपचार किया जाएगा। वहीं ऊना से कुल्लू आई बस के ड्राइवर-कंडक्टर को पहले ही क्वारंटीन कर दिया गया था।