नई दिल्ली.  उत्तर प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हिंदुत्ववादी माना जाता है. वहीं उन्हें पशु-पक्षियों से बेहद लगाव रखने वाले के रूप में भी जाना जाता है. खबर है कि उनकी सुबह की शुरूआत गौ सेवा के साथ होती है. वह हर सुबह दैनिक कार्यों को पूरा करने के बाद गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में गायों को हरा चारा डालने जाते हैं. उनके आश्रम में काफी गायें हैं. जिनकी सेवा करना योगी अपना सबसे बड़ा कर्म मानते है.

खबरों के मुताबिक मठ के लंबे-चौड़े आंगन में रोज दाने बिखेरे जाते हैं और मिट्टी के बर्तनों में पानी भरा जाता है. वहीं आश्रम में पलने वाले पशु-पक्षियों में कुत्ता कालू और एक बिल्ली से आदित्यनाथ को बेहद लगाव है. लेब्राडोर नस्ल के इस कालू को पूरे आश्रम का रखवाला कहा जाता है. आश्रम के लोग कहते हैं कि जब आदित्यनाथ यहां नहीं होते हैं तो कुत्ता कालू ही सरदार की भूमिका में नजर आता है. कालू उनके साथ हमेशा घूमने जाता है.

इसके अलावा मंदिर में एक बिल्ली है जो हमेशा आदित्यनाथ के साथ ही खाना खाती है. बिल्ली को खीर पसंद होने की वजह से प्रतिदिन उसके लिए खीर बनवायी जाती है. सोशल मीडिया पर आदित्यनाथ की कई ऐसी तस्वीरें हैं, जिसमें वे बंदर और कुत्ते साथ बैठे दिखाए दे रहे हैं.

पशु-पक्षियों से अधिक लगाव होने के कारण आदित्यनाथ अक्सर अपने भाषणों में गौ हत्या रोकने की बात करते हैं. यहां तक चुनावी भाषणों में उन्होंने यह भी कहा था कि सत्ता में आते ही वे गौ हत्या पर पूरी तरीके से प्रतिबंध लगा देंगे.

You May Also Like  'आप' विधायक वेद प्रकाश भाजपा में हुए शामिल