नई दिल्ली: योगी आदित्यनाथ आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे. मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह आज होगा. शपथ ग्रहण समारोह आज दोपहर 2.15 बजे से लखनऊ स्थित कांशीराम स्मृति उपवन में होगा. योगी आदित्यनाथ को यूपी का सीएम बनाने का फैसला चौंकाने वाला है. इस रेस में मनोज सिन्हा आगे जरूर थे लेकिन उनकी राह में कई बाधाएं भी थी. सिन्हा भले ही पीएम मोदी और शाह की पसंद रहे हों, लेकिन जिस दमदार भगवा फार्मूले पर पार्टी आगे बढ़ रही है उसमें वो फिट नहीं बैठ रहे थे. पार्टी ने तमाम संभावनाओँ और भविष्य की राजनीति को देखते हुए योगी आदित्यनाथ का चुनाव यूपी के सीएम के तौर पर किया.

खबरों के मुताबिक संघ की पहली पसंद राजनाथ सिंह थे. वहीं बीजेपी की पसंद मनोज सिन्हा, लेकिन संघ ने मनोज सिन्हा पर सवाल उठाए तो शाह ने दो उप मुख्यमंत्रियों के साथ जातीय फार्मूले को साधते हुए सिन्हा को रेस से बाहर कर दिया, लेकिन योगी को आगे ले आए. योगी को सीएम बनाकर बीजेपी शीर्ष नेत्रत्व ने तीन बातें बेहद साफ कर दी हैं.

14 साल बाद यूपी में बीजेपी का सीएम लेगा शपथ योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश में बीजेपी के चौथे और कुल 21वें मुख्यमंत्री होंगे. इससे पहले कल्याण सिंह, रामप्रकाश गुप्ता और राजनाथ सिंह प्रदेश की बीजेपी सरकारों में मुख्यमंत्री रह चुके हैं. इनमें से कल्याण सिंह दो बार मुख्यमंत्री रहे हैं.

खबर है कि शपथग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह मौजूद रहेंगे. इसके अलावा बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, राजग सरकारों के उपमुख्यमंत्रियों, केन्द्रीय मंत्रियों और बीजेपी शीर्ष नेतृत्व के पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत का न्यौता भेजा गया है. वहीं योगी आदित्यनाथ के शपथग्रहण में 14 मुख्यमंत्री और तीन राज्यपाल के शामिल होने की उम्मीद जतायी जा रही है.

You May Also Like  AISF के प्रतिनिधिमंडल ने HRD मंत्री जावड़ेकर से मुलाकात कर की ये मांग..