हरियाणा के मुख्‍यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि उन्‍हें आशा है कि राज्‍य में भाजपा सरकार बनेगी। वे आज नई दिल्‍ली में पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात से पहले पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्‍होंने पार्टी के कार्यकारी अध्‍यक्ष जे पी नड्डा और अन्‍य नेताओं से चर्चा की।

हरियाणा विधानसभा चुनाव में 40 सीटें जीतकर भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है। सरकार गठन के लिए पार्टी को 46 सदस्‍यों की आवश्‍यकता है। कांग्रेस ने 31 सीटें जीती हैं जबकि जननायक जनता पार्टी को दस सीटें मिली हैं। इंडियन नेशनल लोक दल और हरियाणा लोकहित पार्टी को एक-एक सीट मिली है। सात सीटों पर निर्दलीय उम्‍मीदवार विजयी हुए हैं।

चार निर्दलीय और हरियाणा लोकहित पार्टी के गोपाल कांडा ने भाजपा को समर्थन देने की बात कही है।

तीन निर्दलीय विधायक धर्मपाल गोंडन, नयनपाल रावत और सोमवीर सांगवान ने आज सुबह भाजपा के कार्यकारी अध्‍यक्ष जे पी नड्डा से उनके निवास पर मुलाकात की। भाजपा नेता जवाहर यादव ने कहा कि तीनों विधायकों ने भाजपा को समर्थन देने की बात कही है। भाजपा ने 40 सीटें जीती हैं और चार निर्दलीयों और गोपाल कांडा के समर्थन के बाद 90 सदस्‍यों वाली विधानसभा में बहुमत साबित करने के लिए इसे केवल अब एक सदस्‍य की आवश्‍यकता है।

दूसरी ओर वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता और राज्‍य के पूर्व मुख्‍यमंत्री भूपेन्‍द्र सिंह हुड्डा भी संभावनाएं तलाशने के लिए दिल्‍ली में हैं। भूपेन्‍द्र सिंह हुड्डा और उनके पुत्र दीपेन्‍द्र हुड्डा ने कहा कि निर्दलीय विधायक जो भाजपा को समर्थन देने जा रहे हैं वे राज्‍य के लोगों के भरोसे को तोड़ कर रहे हैं और जनता उन्‍हें कभी माफ नहीं करेगी।

You May Also Like  ज़ीका वायरस: डब्‍ल्‍यूएचओ के अलर्ट के बाद भारत ने दी नागरिकों को सलाह

उधर, जननायक जनता पार्टी के विधायकों ने आज नई दिल्‍ली में बैठक में दुष्‍यंत चौटाला को अपना नेता चुना। इससे पहले आज सुबह पार्टी के नेता सरदार निशांत सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी को भाजपा और कांग्रेस दोनों से निमंत्रण मिला है। पार्टी की राष्‍ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद आज शाम तक निर्णय लेगी।

कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने पार्टी अध्‍यक्ष सोनिया गांधी से भी मुलाकात की और हरियाणा तथा महाराष्‍ट्र के चुनाव परिणामों के बारे में विचार विमर्श किया।