केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और राज्य के पुलिस प्रमुख लोकनाथ बहेड़ा ने आज राज्यपाल पी सदाशिवम से मुलाकात की और हिंसा की घटनाओं को रोकने के लिए उठाये गए कदमों की जानकारी दी। राज्यपाल ने उन्हें कल रात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक कार्यकर्ता की हत्या समेत हाल ही में हुई हिंसक घटनाओं के बारे में तलब किया था।
राज्यपाल ने एक टवीट कर बताया है कि उन्होंने मुख्यमंत्री और राज्य पुलिस को तिरूवनंतपुरम में कानून और व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देने के वास्ते बुलाया है। राज्यपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सूचित किया है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता राजेश इडावाकोड़े के हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि कानून तोड़ने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा और उनकी राजनीतिक संबद्धता या सामाजिक स्तर पर कोई ध्यान नहीं दिया जाएगा।
Summoned Chief minister @CMOKerala and State Police Chief to know about action taken by State govt on law and order issues in Trivandrum
— Kerala Governor (@KeralaGovernor) July 30, 2017
सदाशिवम ने इस संबंध में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से भी बात की है और उन्हें राज्य की स्थिति तथा सरकार द्वारा उठाए गए कदमों से अवगत कराया है।
Spoke to @HMOIndia Shri.Rajnath Singh and briefed him about law and order and on measures taken by State govt to maintain peace
— Kerala Governor (@KeralaGovernor) July 30, 2017
पुलिस ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता की हत्या के मामले में अभी तक छह लोगों को हिरासत में लिया है। राज्य में भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष कुम्मानम राजशेखरन ने आरोप लगाया है कि इस हमले में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी का हाथ है। भाजपा ने इसके विरोध में आज राज्य में दिनभर की हड़ताल का आहवान किया है।