नई दिल्ली. जाट आरक्षण की आग अब हरियाणा से राजधानी दिल्ली पहुंच गई है. 20 मार्च को जाट आरक्षण आंदोलन को को लेकर दिल्ली में धारा 144 लागू कर दी गई है. जिसके बाद दिल्ली में बाहर से आने वाले लोगों को आई-कार्ड दिखाना होगा. इतना ही नहीं आज रात 8 बजे के बाद कई मेट्रो स्टेशन बंद भी कर दिए जाएंगे.
खबरों के मुताबिक जाट समुदाय के लोगों को नौकरियों में आरक्षण देने की मांग को लेकर आंदोलनरत जाट आरक्षण संघर्ष समिति 20 मार्च को संसद का घेराव करने के साथ दिल्ली के प्रवेश मार्गों से जुड़े राजमार्गों पर चक्काजाम करेगी. जाट आंदोलन की वजह से डीएमआरसी ने एडवाइजरी जारी कर कहा है कि रविवार रात 11.30 बजे से अगले आदेश तक नोएडा, वैशाली, फरीदाबाद और गुड़गांव के मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे. दिल्ली के बाहर की सभी मेट्रो स्टेशन में मेट्रो रात 11.30 बजे के बाद नही चलेगी.
इतना ही नही आज रात से ही रजीव चौक, मंडी हाउस, पटेल चौक, केन्द्रीय सचिवालय, उधोग भवन, लोक कल्याण मार्ग, बाराखंभा, जनपथ, आर के आश्रम मार्ग, प्रगति मैदान मैदान, खान मार्केट और एयरपोर्ट लाइन का शिवाजी मार्ग मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे. मेट्रो के एक अधिकारी ने बताया कि, ‘घेराव के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिल्ली पुलिस की हरी झंडी मिलने पर ही मेट्रो की सामान्य सेवा बहाल हो सकेगी.’
आंदोलन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतेज़ाम किए हैं. पूरी दिल्ली में थ्री टियर सुरक्षा व्यवस्था की गई है. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए दिल्ली पुलिस के अलावा पैरामिलिट्री फोर्स की 110 कंपनियां दिल्ली के तमाम बॉर्डर्स पर तैनात रहेंगी. ट्रैक्टर-ट्रॉली और आंदोलन से सम्बंधित किसी भी वाहन को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी.