नई दिल्ली. उत्तर प्रदेश की नई सरकार में मुख्यमंत्री आवास पर हुए शुद्धिकरण कार्यक्रम पर तंज कसते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि 2022 में जब उनकी पार्टी दोबारा सत्ता में आएगी तो गंगाजल से सीएम आवास धुलवाऊंगा. अखिलेश विधानसभा चुनाव 2017 में हुई की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे.

उन्होंने कहा, ‘शुद्धिकरण का अफ़सोस नहीं है. फायर ब्रिगेड में गंगाजल डालकर सभी सरकारी कार्यालय को धुलवाऊंगा.’  उन्होंने आगे कहा, ‘हार की समीक्षा हमने की है. अभी ये समीक्षा चल रही है. 15 अप्रैल से हमारा सदस्यता अभियान शुरू होगा और पूरे यूपी में ये सदस्यता अभियान चलाया जाएगा. 30 सितंबर से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा.’

उन्होने कहा, ‘अभी तो केवल झाड़ू लग रहा है. हमें नहीं मालूम था कि हमारे अधिकारी इतनी अच्छी झाड़ू लगाते हैं. हमें मालूम होता तो हम भी खूब झाडू लगवाते.’ यूपी में बूचड़खानों को बंद कराए जाने को लेकर उन्होने कहा, ‘हमारे शेर बहुत भूखे हैं, नजदीक मत जाना.’

उन्होंने कहा, ‘योगी जी, उम्र में भले ही आप बड़े होंगे लेकिन काम में बहुत पीछे हैं. जब 2022 में हम आएंगे तो फायर ब्रिगेड में गंगाजल भरकर गंगाजल लाएंगे और 5 केडी मार्ग को धुलवाएंगे.’

जब उनसे सवाल किया गया कि इस हार के बाद क्या भविष्य में वह गठबंधन करेंगे तो जवाब में उन्होने कहा, ‘अभी कुछ नहीं कह सकते, अभी हमारा कांग्रेस से गठबंधन है.’ उन्होंने कहा, ‘मुझे अब उस दिन का इंतजार है कि जब आप लोग यूपी में होने वाली हत्या-रेप की घटनाओं पर उसी तरह योगी की फोटो के साथ खबरें दिखाएंगे जैसे मेरी दिखाया करते थे.’

You May Also Like  Satyender Jain gave Rs 2 crore to Kejriwal, alleges ousted AAP minister Kapil Mishra