लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज (शुक्रवार) यहां किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज (KGMU) का दौरा किया. इस दौरान उन्होने यहां उस पीड़ित दलित युवती से भी मुलाकात जिसपर चौथी बार एसिड अटैक किया गया था. यही नहीं युवती के साथ दरिंदों ने रेप भी किया था.
उन्होंने पीड़िता के पति को मुआवजे के रूप में एक लाख का चेक दिया और पुलिस अधिकारियों को तत्काल दोषी को पकड़ने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
भाजपा की वरिष्ठ रीता बहुगुणा जोशी ने मुख्यमंत्री के केजीएमयू अस्पताल की यात्रा की पुष्टि की. इस दौरान उन्होने सपा सरकार पर इस मामले में उचित कार्रवाई न करने का आरोप भी लगाया.
जोशी ने यहां मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, “पीड़िता पिछले 8 वर्षों से न्याय की मांग कर रही है लेकिन सपा सरकार के कार्यकाल के दौरान इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की. उत्तर प्रदेश पुलिस ने अब इस मामले की जांच शुरू कर दी है.”
उल्लेखनीय है कि दलित पीड़िता पर गुरुवार (23 मार्च) को फिर से हमला किया गया. यह उनपर चौथी बार हमला था. इस बार जब वह अपने गांव से लखनऊ लौट रही थी तब उसे अज्ञात व्यक्तियों द्वारा जहरीला तरह पीने के लिए भी मजबूर किया. साल 2009 में उसके साथ सामूहिक बलात्कार हुआ था जिसके बाद रायबरेली जिले के ऊंचाहार शहर के थाने में इस मामला दर्ज किया गया था.
पीड़िता पर साल 2011 में पहली बार हमला किया गया था. इसके बाद 2012 और 2013 में एसिड अटैक किया गया था.