प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि सर्जिकल स्ट्राइक ने स्पष्ट कर दिया कि सामान्य तौर पर धैर्य बरतने वाला भारत भी अपनी प्रभुसत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित कर सकता है। अमरीका की राजधानी वाशिंगटन डीसी के निकट वर्जिनिया में भारतीय समुदाय के स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत की कार्रवाई पर किसी भी देश ने सवाल नहीं उठाया, क्योंकि वह दुनिया तक आतंकवाद को समाप्त करने की जरूरत पहुंचाने में सफल रहा। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा विश्व व्यवस्था के अनुसरण में विश्वास रखता है।

प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के लिए भारत को एक पसंदीदा स्थल के रूप में देखे जाने का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने प्रवासी भारतीयों को इस अवसर का उपयोग करने को आमंत्रित किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्ष में सरकार आरोपमुक्त रही है और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए हर क्षेत्र में प्रोद्योगिकी का उपयोग किया जा रहा है। संस्था और तंत्र में इमानदारी को बढ़ावा देने के लिए बदलाव किये जा रहे हैं।

मोदी ने सोशल मीडिया का उपयोग कर लोगों तक पहुंचने और उनकी मदद के लिए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की सराहना की। उन्होंने भारतीय प्रवासियों से देश के साथ संपर्क बनाये रखने की अपील की और यह सुनिश्चित करने को कहा कि युवा पीढ़ी भी इस प्रगाढ़ संबंध को बनाये रखे। श्री मोदी ने भारतीय समुदाय को आश्वासन दिया कि सरकार देश में विकास की तेज गति के साथ विकसित भारत का उनका सपना पूरा करेगी।

You May Also Like  PM arrives in New Delhi after completing four nation visit