पाकिस्तान टीम बांग्लादेश के खिलाफ हारने के साथ ही एशिया कप से बाहर हो गई है. टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खराब प्रदर्शन से पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर जावेद मियांदाद खासे निराश हैं. मियांदाद ने कहा, “बांग्लादेश द्वारा सेट किया गया लक्ष्य चेज़ किया जा सकता था. उनकी गेंदबाज उतनी बढ़िया नहीं थी. मियांदाद ने पाकिस्तान टीम के बल्लेबाजों को खूब खरी खोटी सुनाई और कहा, “बल्लेबाजी में बहुत खामियां दिखाई दीं क्योंकि पारी को आगे कैसे ले जाना है इसकी कोई योजना ही दिखाई नहीं दी. जितना लक्ष्य मिला था उस हिसाब से मैच 45 ओवर में खत्म हो जाना चाहिए था.”
61 साल के मियांदाद ने The Nation के हवाले से कहा कि पाकिस्तान टीम सिर्फ छोटी टीमों के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन कर रही है वहीं भारत के खिलाफ प्रदर्शन तो सबसे खराब रहा. उन्होंने कहा कि अगर हमारे खिलाड़ी आसान से कैच छोड़ते हैं तो आपका यह हश्र होना ठीक मालूम पड़ता है.
उन्होंने सलाह दी कि पाकिस्तान टीम को अब ज्यादा वनडे खेलने चाहिए. वहीं उन्हें मजबूत टीमों के खिलाफ अक्सर क्रिकेट खेलनी चाहिए. उन्होंने ये भी कहा कि घरेलू क्रिकेट में बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं लेकिन उनका सही से इस्तेमाल नहीं किया जा रहा.
उन्होंने कहा, “वनडे क्रिकेट टूर्नामेंट बढ़ा दिए जाने चाहिए और 6 महीने के सीजन में टीम के सभी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर्स को खेलने के लिए बाध्य किया जाना चाहिए. हमारे पास पाकिस्तान में कई बेहतरीन पूर्व क्रिकेटर हैं. हमें क्रिकेट का विकास करने के लिए उनकी सर्विसेज का इस्तेमाल करना चाहिए.”
साभार;News18