नई दिल्ली. दिल्ली पुलिस ने 25 लाख लूटपाट के मामले में नजीब नाम के शख्स को उसके साथियों के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किया गया नजीब आम आदमी पार्टी का युवा नेता बताया जा रहा है. वहीं गिरफ्तार किए गए 25 साल के नजीब के बारे में पुलिस ने बताया कि, ‘वह जाफराबाद में ‘आप’ की युवा शाखा का अध्यक्ष है.’ दूसरी ओर पार्टी ने नजीब से रिश्ता होने से साफ इनकार किया है. खबर है कि पुलिस ने U/S 392 /397 आईपीसी और 25 , 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.

खबर यह भी है कि नजीब पर आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ एक व्यक्ति से 25 लाख रुपये और कुछ अन्य कीमती सामानों की लूटपाट की. आम आदमी पार्टी की युवा शाखा प्रभारी वंदना सिंह ने कहा, ‘आरोपी हमारा पदाधिकारी नहीं है. हमारी युवा शाखा से उसका कोई लेना-देना नहीं है. दिल्ली पुलिस हर जगह ‘आप’ के तार जोड़ने की कोशिश करती है.’

मामले पर दिल्ली पुलिस ने बताया कि, ‘लूटपाट की वारदात 12 मार्च को जाफराबाद में हुई. जब गिरोह के सदस्यों ने गोलियां चलाई तो एक राहगीर को गोली लगी जिससे वह जख्मी हो गया. पुलिस ने बताया कि एक आरोपी को तो राहगीर ने मौके पर ही धर दबोच लिया. नजीब सहित उसके साथी मौके से भागने में कामयाब हो गए थे, लेकिन उन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया गया. उनके पास से 16,06,000 रुपये, एक देसी कट्टा और चुराई गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है.’

You May Also Like  MCD चुनाव: 'आप' पार्टी ने अपने 14 प्रत्याशी बदले