चारा घोटाला मामले में रांची की सीबीआई विशेष अदालत द्वारा दोषी करार दिये जाने के बाद अपने सिलसिलेवार ट्वीट् संदेशों में लालू प्रसाद यादव ने कहा है कि पूर्वाग्रहयुक्‍त दुष्‍प्रचार और हथकंडों से सच को आधे अधूरे और संदेहास्‍पद तरीके से पेश करने से सच भी झूठ की तरह लगने लगता है। हालांकि उन्होंने जोर देकर कहा कि घृणा और पक्षपात के ऐसे रवैये का खात्‍मा जरूर होगा और अंत में सत्‍य की ही जीत होगी।

भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि अब, चारा घोटाला मामले में राष्‍ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद के खिलाफ कोर्ट के फैसले के बाद लगता है कि कांग्रेस और आरडीजे गठबंधन भ्रष्टाचार का गठबंधन है। केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता, जे पी नड्डा ने सजा पर प्रतिक्रिया व्‍यक्‍त करते हुए नई दिल्ली में कहा कि अदालत के फैसले को स्वीकार करने के बजाय, श्री यादव इस मुद्दे को राजनीतिक रंग दे रहे हैं। श्री नड्डा ने कहा कि आरजेडी प्रमुख, भाजपा पर दोषारोपण करके भ्रष्‍टाचार के मुद्दे से ध्‍यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।

केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि आज की सजा का सबक यह है कि कानून की शक्ति से भ्रष्टाचार हमेशा पकड़ लिया जाएगा। वह आरजेडी प्रमुख की सजा के बाद आज चेन्‍नई में पत्रकारों से बात कर रहे थे।

जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता के सी त्यागी ने कहा है कि फैसले से साबित होता है कि सार्वजनिक जीवन में भ्रष्टाचार के लिए कोई स्थान नहीं है और इसके बाद बिहार की राजनीति में क्रांतिकारी परिवर्तन आएगा।

You May Also Like  Bhindranwale Flag Controversy: पंजाब में हिमाचल की बस पर नकाबपोश बदमाशों का हमला

बिहार के उप-मुख्‍यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि आरजेडी प्रमुख के दोषी ठहराए जाने का फैसला उम्मीद के अनुरूप ही आया है। एक ट्वीट में सुशील मोदी ने जोर देकर कहा कि लालू प्रसाद यादव का पूरा परिवार भ्रष्टाचार में लिप्‍त था फिर चाहे चारा घोटाला मामला हो या बेनामी संपत्ति का मामला।

कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा कि लालू प्रसाद यादव और उनके वकील इस मामले की कानूनी लड़ाई में सक्षम थे। श्री तिवारी ने कहा कि आरजेडी प्रमुख इसकी कानूनी लड़ाई 1996 से लड़ रहे हैं।