सोशल मीडिया पर आजकल हिमाचल प्रदेश के एक आईएएस व आईपीएस दम्पति काफी चर्चा में हैं , वजह है उनके द्वारा एक बच्ची गोद लेना। ये बच्ची पाकिस्तान की बार्डर एक्शन टीम के कायराना हमले में तरनतारन में शहीद हुए परमजीत सिंह की बेटी है । देश के हर तबके द्वारा इस दम्पति की खूब तारीफ की जा रही है ।

डी.सी. कुल्लू यूनुस खान तथा उनकी पत्नी सोलन की एस.पी. अंजुम आरा ने 12 साल की खुशदीप की पूरी पढ़ाई से लेकर शादी तक का पूरा खर्च उठाने का ज़िम्मा लिया है। खबरों के मुताबिक, शहीद जवान की बेटी अपने परिवार के साथ ही रहेगी । उसकी खुद की इच्छा है कि वो अपने परिजनों के साथ ही रहे। उसका सारा खर्चा यह नौकरशाह दंपति उठाएगा और समय-समय पर बच्ची से मुलाकात भी करता रहेगा।

एस.पी. अंजुम आरा के मुताबिक, अगर वह आईएएस या आईपीएस बनने की इच्छा रखती है या फिर किसी और फिल्ड में जाना चाहती है, तो हम उसकी हर संभव मदद करेंगे। वहीं आईएस यूनुस खान ने कहा कि शहीद के परिवार के दर्द को कम करना तो मुश्किल है मगर हम उनकी मुश्किलों को साझा कर दर्द कम करने की कोशिश कर रहे हैं। हम बच्ची को अच्छी शिक्षा देकर एक सच्चे नागरिक होने का फर्ज अदा कर रहे हैं।
बता दें कि 1 मई को पाकिस्तान की बर्बर कार्रवाई में भारत के दो जवानों की मौत हो गई थी, जिसमें परमजीत सिंह भी थे। पाकिस्तान ने इनके सिर काट दिये थे।
सद्प्रयास इस दम्पति के निर्णय की सराहना करता है व आम जनता से अपील करता है कि इस तरह के कार्यों में अपना सहयोग दें व हम तक ऐसी खबरों को पहुंचाएं।

You May Also Like  लॉकडाउन में ढील देने की जल्दबाजी ना करें : WHO