नई दिल्ली. रेप केस में फरार चल रहे यूपी के कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति एसटीएफ को चकमा देकर फरार हो गए. पुलिस सूत्रों ने बताया कि सोमवार रात खबर मिली कि गायत्री जेवर टोल प्लाजा के पास अपने दो साथियों के साथ गुजरेंगे. एसटीएफ ने जेवर टोल प्लाजा पर छापा मारकर गायत्री के दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन गायत्री प्रसाद एसटीएफ को चकमा देने में कामयाब हो गये.
गौरतलब है कि 18 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर गौतमपल्ली थाने में गायत्री प्रसाद प्रजापति समेत सात लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म, दुष्कर्म का प्रयास, धमकी, पॉक्सो एक्ट समेत आइपीसी की अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था. महिला ने तहरीर में कहा है कि तीन वर्ष पूर्व वह गायत्री प्रसाद प्रजापति से खनन की जमीन के पट्टे के लिए गौतमपल्ली मंत्री आवास पर मिली थी. जहां उन्होंने चाय में नशीला पदार्थ मिलाकरव उसे दिया था. जिससे महिला बेहोश हो गई और गायत्री समेत सात लोगों ने मिलकर दुष्कर्म किया. महिला ने अपनी नाबालिग बेटी संग दुष्कर्म के प्रयास करने का मामला भी दर्ज कराया था.
देश की शीर्ष अदालत के आदेश के बाद भी पॉक्सो के साथ सामूहिक दुष्कर्म तथा अन्य मामलों में अपने सात साथियों के साथ सपा मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति का नामजद था. 6 मार्च सप्रीम कोर्ट के गिरफ्तारी पर रोक लगाने से इंकार करने पर सक्रिय हुई पुलिस ने अब तक गायत्री प्रसाद प्रजापति के तीन साथियों को गिरफ्तार किया है.
आज सुबह गायत्री के साथी आशीष शुक्ला व अशोक तिवारी को यूपीएसटीएफ ने नोएडा पुलिस के सहयोग से हिरासत में लिया.आज इनके खिलाफ लखनऊ में विधिक कार्यवाही होगी. गायत्री प्रजापति के दो साथियों को दिल्ली से लखनऊ जाने के दौरान जेवर टोल प्लाजा यमुना एक्सप्रेस वे से गिरफ्तार किया गया.
खबरों के मुताबिक इनके खिलाफ भी कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी है. खबर है कि अब इनसे गायत्री प्रसाद के ठिकानों के संबंध में पूछताछ होगी. लखनऊ में 6 मार्च को सामूहिक दुष्कर्म की एफआइआर में नामजद मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति दबिश के दौरान नहीं मिले, लेकिन उनका गनर उरई निवासी चंद्रपाल पुत्र देवी दयाल पुलिस के हत्थे चढ़ गया. पुलिस ने उसके कब्जे से सरकारी पिस्टल भी बरामद कर ली है जो पुलिस लाइन में जमा कराई गई है.
इस मामले की विवेचक सीओ आलमबाग अमिता सिंह ने पुलिस टीम के साथ चंद्रपाल को सीतापुर रोड योजना, जानकीपुरम, लखनऊ स्थित उसके घर से गिरफ्तार करने का दावा किया है.वहीं विवेचक ने बताया कि, ‘मंत्री समेत सभी फरार चार अभियुक्तों की तलाश में पुलिस व एसटीएफ की टीमों की प्रदेशभर में ताबड़तोड़ दबिश जारी है.’