नई दिल्ली. लखनऊ में सत्ता का केंद्र माने जाने वाले बापू भवन में आज (मंगलवार) को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. इस दौरान राज्यमंत्री मोहसिन रजा भी आग के कारण बिल्डिंग में करीब 20 मिनट तक फंसे रहे. सबसे चिंताजनक बात ये रही कि बिल्डिंग में फायर एलार्म नहीं बजा. इससे यूपी की बदहाली साफ नजर आती है.
आग में फसे मोहसिन रजा ने किसी तरह अपनी जान बचायी और वहां से निकल पाये. जिसके बाद उन्होंने न्यूज 18 से बताया कि वह पांचवे तल पर दफ्तर में फाइलें देख रहे थे. इस दौरान जलने की बदबू आने लगी. तभी उनके साथी ने खिड़की खोलकर देखी और बताया कि नीचे बिल्डिंग में आग लगी थी.
वहीं आग की लपटों के देखकर उन्होंने सोचा कि सफाई आदि का काम चला रहा होगा इसलिए खिड़की बंद करवा दी. थोड़ी देर बात सिक्योरिटी स्टाफ आया उसने बताया कि बिल्डिंग में आग लग गई है. इसके बाद वे लोग जब सीढ़ी पर पहुंचे तो आग तीसरे तल तक पहुंच गई थी. नीचे पूरा धुंआ भरा हुआ था. किसी तरह बड़ी मशकक्त के बाद सब वहां से बचकर निकल सके.
रिपोर्ट के मुताबिक मौके पर पहुंची आधा दर्जन से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया. उल्लेखनीय है कि सचिवालय के तहत बापू भवन में कई अहम कार्यालय हैं. यहां दूसरे और तीसरे तल पर मंगलवार दोपहर बाद अचानक आग लग गयी. जिसके बाद भवन में अफरा-तफरी मच गयी.
खबर यह भी है कि शुरुआती पूछताछ में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग दूसरे तल पर एक डक्ट से भड़की. इस आग के पीछे साजिश की भी आशंका जताई जा रही है. हालांकि मामले में आधिकारिक तौर पर अभी तक कुछ नहीं बताया गया है. वहीं आग के कारण दूसरे तल का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो गया.
वहीं दूसरी ओर कुछ लोग चर्चा कर रहे है कि योगी के मुख्यमंत्री बनने के बाद पिछले सरकार में मलाईदार विभागों में तैनात दागी अफसरों में हड़कंप मचा है. वे अपनी काली करतूतों को छुपाने के लिए पुरानी फाइलों को मिटाने की कोशिश में है. इस नाते साजिश के तहत शार्ट सर्किट कर आग लगाये जाने की संभावना बतायी जा रही है.