मुंबई. शिवसेना सांसद रविंद्र गायकवाड़ ने बीते दिनों एयर इंडिया के कर्मचारी को सैंडल से पिटाई कर दी थी. जिससे मामले ने तुरंत तूल पकड़ना शुरू कर दिया. एयर इंडिया ने उनका टिकट कैंसल कर दिया था. जिससे उनको ट्रेन से मुम्बई आना पड़ा. वो इस बात से काफी गुस्से में है और वे इस मामले को लोकसभा तक ले जाने की तैयारी में है. खबर है कि शिवसेना इस मामले को विशेषाधिकार हनन के रूप में लोकसभा में लेकर आएगी.
रिपोर्ट के मुताबिक शिवसेना ने इस मुद्दे को लेकर आज ओस्मानाबाद में बंद का ऐलान किया है. वहीं इस बड़े ऐलान को देखते हुए आज (27 मार्च) को ओस्मानाबाद में बहुत सारी दुकानें बंद है. गौरतलब हो कि शुक्रवार की शाम सांसद को एयर इंडिया की फ्लाइट से मुंबई से पुणे जाना था, लेकिन एयर लाइन ने यह कहते हुए उनका टिकट रद्द कर दिया कि ऐसे शख्स को उड़ान की सेवा नहीं देंगे. इसके बाद निजी एयरलाइन इंडिगो का टिकट लिया, तो थोड़ी देर बाद ही इस कंपनी ने भी आरोपी सांसद का टिकट रद्द कर पैसे लौटा दिये.
इतना ही नहीं एयर इंडिया समेत छह शेड्यूल्ड कमर्शियल एयरलाइनों ने उनके विमान में सफर करने पर पाबंदी भी लगा दी. इनमें फेडरेशन ऑफ इंडियन एयरलाइंस (एफआइए) की सदस्य इंडिगो, जेट एयरवेज, स्पाइसजेट और गो एयर के अलावा विस्तारा व एयर एशिया इंडिया भी शामिल हैं.
क्या है पूरा मामला?
एयरलाइन के अनुसार गायकवाड ने एयर इंडिया की बिजनिस क्लास में ओपन टिकट बुक किया था. ओपन टिकटधारी यात्री एक निर्धारित अवधि में किसी भी दिन उडान भर सकता है. गायकवाड आज सुबह पुणे से 7 बजकर 35 मिनट पर दिल्ली के लिए रवाना होने वाली एआई 852 उडान में जिद कर सवार हुए थे. विमान जब यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा तो उन्होंने विमान से उतरने से मना कर दिया जबकि उन्हें मनाने की खूब कोशिश की गयी. सुकुमार ने भी उन्हें शांत करने का प्रयास किया. सांसद ने इस उड़ान में बिजनस क्लास नहीं होने की शिकायत की.
वहीं सांसद गायकवाड़ को अपनी इस गलती का जरा भी अफोसस नहीं था. अपनी शेखी बघारते हुए उन्होंने कहा, कर्मचारी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिकायत करने की धमकी दी थी तब मैंने उसे 25 बार चप्पल से मारा था.’ उन्होंने यह भी बताया की मैने पहले उससे अपनी आवाज नीचें रखने के लिए कहा तभी उसने मोदी से शिकायत करने के लिए कहा फिर मैंने उसे थप्पड़ मारा. खबर है कि इस दौरान रविंद्र गायकवाड़ ने पूरे 1 घंटे तक विमान को रोके रखा और कर्मचारियों को विमान साफ नहीं करने दिया.