नई दिल्ली. उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में एंटी रोमियो स्क्वायड टीम का गठन किया. टीम का गठन महिलाओं के ऊपर हो रहे अत्यचारों को खत्म करने के उद्देश्य से किया गया है. कई दिनों से जिले के स्कूल, कॉलेज और पार्कों में टीम कपल्स की धर-पकड़ शुरू कर दी. जिससे कपल्स को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था.
इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी पुलिस को हिदायत दी है कि वे महिला सुरक्षा के नाम पर कपल्स को परेशान ना करें.’ उन्होने अपने प्रधान सचिव को भी एंटी रोमियो स्कवैड के लिए गाइड लाइन्स तैयार करने के लिए कहा है.
बता दें कि योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार (24 मार्च) को पुलिस को सलाह देते हुए कहा, ‘अगर एक लड़का और लड़की अपनी मर्जी से एक साथ हैं तो फिर उन लोगों को परेशान ना किया जाए.’ उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में एंटी रोमियो स्क्वायड बनाने का वादा किया था. जिससे महिलाओं के साथ होने वाली छेड़खानी और अप्रिय घटनाओं को रोका जा सके, लेकिन पिछले कुछ दिनों में लड़के-लड़कियों को एंटी रोमियो स्क्वायड के दस्ते से काफी परेशानियां हुईं.
पुलिस पार्क, सड़क कहीं भी घूमते किसी भी कपल को भी पकड़ लेती थी. एंटी रोमियो स्क्वायड के लोग भी घूम-घूमकर गर्ल्स कॉलेज, स्कूल, मार्केट, मॉल्स, सिनेमा हॉल पर नजर रख रहे हैं. वहीं पुलिसवालों को लेकर भी काफी शिकायतें मिल रही हैं. कथित तौर पर कपल को परेशान करने के अलावा वे लोग खुद नियमों का उल्लघन करते है. इसकी कुछ फोटोज भी सामने आई जिसमें पुलिसवाले खुद बिना हेलमेट लगाए ट्रिपलिंग करते हुए दिखे. सीएम बनने के बाद से योगी आदित्यनाथ एक्शन में हैं. योगी ने महिलाओं के खिलाफ होने वाले क्राइम पर खासा ध्यान केंद्रित किया है.