केन्द्र सरकार ने आज असम में इस वर्ष बाढ़ से संबंधित मामले में हुई मृत्यु पर मृतक के निकटतम परिजनों को दो-दो लाख रूपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। विनाशकारी बाढ़ में वहां 79 लोगों की जान चली गई है इनमें से आठ लोगों की मौत गुवाहाटी में हुई है।
गुहावाटी में एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि प्रधानमंत्री ने बाढ़ में घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रूपये के मुआवजे की भी घोषणा की है। बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री कार्यालय ने असम सरकार से हताहतों के नाम की सूची के साथ धन की आवश्यकता तथा उनके निकटतम परिजन के बारे में विवरण भेजने को कहा है साथ ही गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों के बारे में उनके पूरे डाक पते के साथ जानकारी देने को कहा गया है।
बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए सात सदस्यीय एक अंतर मंत्रालयी केन्द्रीय दल ने 25 जुलाई को असम का दौरा किया था। इस दल ने अपना अकलन पूरा कर लिया है और जल्द ही केन्द्र सरकार को अपनी सिफरिशों से संबंधित अपनी रिपोर्ट सौपेंगी ताकि बाढ़ से हुई क्षति से निपटने के लिए धन जल्द ही जारी किया जा सके।