त्रिपुरा में अगले महीने विधानसभा चुनाव होने हैं। इस बार भाजपा खुद को वहां स्थापित करने के लिए पूरा जोर लगा रही है। यहां वामपंथियों से मुकाबले के लिए भाजपा अब फिल्म और किताब का भी सहारा ले रही है। सूत्रों के मुताबिक एक हिंदी फीचर फिल्म बनाई गई है जिसके जरिए त्रिपुरा के 20 साल से सीएम माणिक सरकार और उनके कामकाज पर निशाना साधा जाएगा। साथ ही माणिक सरकार की छवि पर सीधा अटैक करने के लिए एक मराठी किताब का भी भाजपा हिंदी और बांग्ला में अनुवाद कर घर घर पहुंचाने की तैयारी में है।

यह किताब माणिक सरकार पर लिखी गई है। त्रिपुरा में अगले  कुछ दिन पहले एक कार्यक्रम में अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए माणिक सरकार ने भी माना कि इस बार उनका सीधा मुकाबला भाजपा से है। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि माणिक सरकार की छवि के बूते ही वामपंथी त्रिपुरा में टिके हुए हैं जबकि यह छवि सिर्फ एक छलावा है। सूत्रों के मुताबिक भाजपा अब माणिक सरकार की छवि को टारगेट करेगी। सीधे भाषणों और बयानबाजी के जरिए तो भाजपा नेता ऐसा कर रहे हैं लेकिन किताब और फिल्म के जरिए लोगों तक संदेश पहुंचाने की भी पूरी तैयारी है।

भाजपा के एक नेता ने अनौपचारिक बातचीत में माना कि जो काम भाषण नहीं कर सकता वह काम फिल्म कर सकती है। उन्होंने कहा कि जैसे पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब नशे में लेकर उड़ता पंजाब फिल्म आई, उसका असर भी दिखा। सूत्रों के मुताबिक लाल सरकार नाम से बन रही फिल्म लगभग तैयार है,जिसे इसी महीने के आखिर तक रिलीज किया जा सकता है। एक दो दिन में इसका पहला पोस्टर भी जारी कर दिया जाएगा। भाजपा नेता इसके पार्टी से जुड़े होने से इनकार कर रहे हैं लेकिन सूत्रों के मुताबिक भाजपा ही इसे सपोर्ट कर रही है। 1 घंटे 45 मिनट की यह हिंदी फीचर फिल्म देशभर में एक साथ रिलीज की जाएगी जिसके निर्माता हैं सुशील शरमन। सूत्रों के मुताबिक फिल्म में त्रिपुरा में महिला सुरक्षा, अपराध और भ्रष्टाचार के मसले उठाए गए हैं।

You May Also Like  विधानसभा चुनाव: महाराष्‍ट्र 60%, हरियाणा में 65% ने मताधिकार का प्रयोग किया

फिल्म की शुरुआत कोलकाता की ट्राम में एक्टर की एक्ट्रेस से हो रही बातचीत से होती है। एक्टर डॉक्यूमेंट्री फिल्म मेकर है और एक्ट्रेस जर्नलिस्ट। उसकी बात सुनकर ट्राम में बैठा कोई शख्स उसे सुझाव देता है कि रियल स्टोरी चाहिए तो त्रिपुरा आओ। हीरो जब वहां पहुंचता है तो देखता है कि कुछ राजनीतिक लोग कैसे कफ सिरप और गांजे की तस्करी में लगे हैं। दरअसल यह दोनों त्रिपुरा में बड़े मसले हैं।

फिल्म में हीरो जब इन मसलों को उठाता है तो राजनीति से जुड़े लोग उसे अगवा कर लेते हैं और फिर कैसे वह वहां से बाहर निकलता है, फिल्म इसके ईर्द गिर्द घूमती है। फिल्म में हीको का किरदार विकी राय ने निभाया है जो मॉडल है और कई टीवी सीरियल में काम कर चुके हैं। टॉलिवुड में खास पहचान रखने वाले श्रीकांत मन्ना फिल्म में विलेन हैं। अभिजीत पॉल फिल्म के डायरेक्टर हैं। सूत्रों के मुताबिक फिल्म हिंदी में है लेकिन उसमें बांग्ला टच दिया गया है।