नई दिल्ली. एअर इंडिया के बुजुर्ग कर्मचारी की चप्पलों से पिटाई करने वाले शिवसेना सांसद रविंद्र गायकवाड़ की मुसीबते कम नहीं हो रही है. पहले तो विवादों के घेरे में आये फिर एयर इंडिया ने उनके खिलाफ कार्रवाई करना शुरु कर दी. इस वजह से उनकी हवाई यात्रा को कैंसल कर दिया गया.
उल्लेखनीय है कि एअर इंडिया ने शिवसेना सांसद रवींद्र गायकवाड़ के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज करवाय हैं. इतना सब होने के बाद चप्पलमार सांसद के तेवर आसमान छू रहे थे. वे माफी मांगने की जगह एयर इंडिया से ही माफी मांग कर रहे थे और शाम को प्लेन से जाने का दावा कर रहे थे.
रिपोर्ट के मुताबिक एयर इंडिया ने उनके खिलाफ कार्रवाई शुरु कर दी जिस वजह से उन्हें प्लेन की जगह की जगह ट्रेन का सफर करना पड़ा. गौरतलब है कि गायकवाड़ की करतूत के बाद एअर इंडिया और इंडिगो ने उनकी टिकट कैंसल कर दी. जिस वजह से सांसद को दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
मुंबई पहुंचे गायकवाड़ ने कहा कि, ‘वो मातोश्री जाकर शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से मुलाकात करेंगे और अपना पक्ष रखेंगे.’ इसके बाद वह अपने निर्वाचन क्षेत्र उस्मानाबाद को जाएंगे. खबर है कि उद्धव ठाकरे से मुलाकात के बाद सांसद के मामले को पार्टी की अनुशासन समिति को भेज दिया जाएगा. तब ही संभव है कि समिति उन्हें चेतावनी जारी करे.
रिपोर्ट के मुताबिक मामले की जांच दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने औपचारिक रूप से संभाल ली है. घटनाक्रम को समझने के लिए क्राइम ब्रांच एयर इंडिया और हवाईअड्डा प्राधिकरण को दिल्ली और पुणे हवाई अड्डे के लॉबी एरिया के सीसीटीवी फुटेज देने के लिए पत्र लिखेगी. खबर यह भी है कि क्राइम ब्रांच सभी कर्मचारियों से उन क्लिपों को भी मांगेगी, जो कि टीवी पर दिखाई गई हैं. वहीं अधिकारियों का कहना है कि, ‘हम सबसे पहले घटना को समझना चाहते हैं कि सांसद के अचानक उत्तेजित होने का कारण क्या था?’