नई दिल्ली. पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव में ईवीएम मशीन में गड़बड़ी या छेड़छाड़ के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. उल्लेखनीय है कि कई राजनीतिक पार्टियों के नेताओं द्वारा ईवीएम में छेड़छाड़ को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की.

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक याचिका में ईवीएम मशीनों पर सवाल उठाए गए हैं और कहा गया है कि, मशीनों में गड़बड़ी की गई है इसलिए इन मशीनों की अमेरिका के एक्सपर्ट से जांच कराई जाए. हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ता की उस दलील को खारिज कर दिया जिसमें कहा गया था कि, सुप्रीम कोर्ट सीबीआई को आदेश दे कि वह इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करे और कोई भी ईवीएम जब्त कर उसकी जांच करे.

सुप्रीम कोर्ट ने कहा, ‘इसकी कोई जरूरत नहीं है और सिर्फ चुनाव आयोग को नोटिस कर जवाब देने को कहा है.’ वहीं वकील एमएल शर्मा ने जो याचिका दाखिल की थी उसमें कहा गया था कि, इन ईवीएम मशीनों में कई खामियां है. इन मशीनों से निषपक्ष परिणाम नहीं आ सकते है.

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद बसपा सुप्रीमों मायावती ने ईवीएम पर सवाल उठाया था. उन्होंने विधानसभा चुनावों में ईवीएम मशीन पर बीजेपी के पक्ष में छेड़छाड़ का दावा किया था. जिसके बाद कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने अगले महीने होने वाले दिल्ली नगर निगम चुनावों में ईवीएम के बजाए बैलेट पेपर के द्वारा कराये जाने की मांग की थी.

You May Also Like  योगी राज का असर लखनऊ की शान टुंडे कवाब पर भी पड़ा, 100 साल का टूटा रिकॉर्ड