गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 68 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। आज राज्य के 89 विधानसभा सीटों पर मतदान कराया गया। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनावों में 71.7% प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। इससे पिछले चुनाव में मतदान प्रतिशत लगभग 60 प्रतिशत था।
उप चुनाव आयुक्त उमेश सिन्हा ने आज नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि मतदान उत्साहपूर्ण है और अंतिम आंकड़े आने तक यह बढ़ सकता है। उन्होंने बताया कि मतदान पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहा और कहीं से किसी अप्रिय घटना का समाचार नहीं है।
उन्होंने कहा कि दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों ने भारी संख्या में अपने मतदान अधिकार का इस्तेमाल किया। इनमें 126 साल की एक महिला भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केन्द्रों पर ईवीएम मशीनों के साथ मतदाता पुष्टि पर्ची मशीन का भी इस्तेमाल किया गया। चुनाव आयोग ने इस बार सुगम, समाधान और सुविधा जैसी आईटी पहलों का भी इस्तेमाल किया।
बाद में उप चुनाव आयुक्त सुदीप जैन ने बताया कि मतदान के दौरान 181 बैलेट यूनिट, 223 कंट्रोल यूनिट और 714 मतदाता पुष्टि पर्ची मशीन बदली गयी। उन्होंने ईवीएम को मोबाइल ब्लूटूथ से जुड़ी होने की खबरों को खारिज कर दिया। जैन ने कहा कि ईवीएम मशीनों में कोई तार या कोई उपकरण जोड़ने की सुविधा नहीं है।