मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (RSS) के नेता डॉ.चंद्रावत ने केरल के सीएम पिनरई विजयन पर विवादित बयान देकर देश के अंदर नई बहस शुरु कर दी है. आरएसएस के उज्जैन प्रमुख चंद्रावत ने सीएम विजयन पर आरएसएस कार्यकर्ताओं की हत्या का आरोप लगाया और मुख्यमंत्री का सिर काटकर लाने वाले को एक करोड़ देने की घोषणा की.

उन्होने कहा विजयन का सिर लाने का इनाम देने के लिए वह अपना घर तक बेचने को तैयार हैं. यह बाते उन्होंने “केरल में मार्क्सवादियों के अत्याचार के विरुद्ध विशाल धरना प्रदर्शन” नामक एक कार्यक्रम में कही. उनका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह इनाम की घोषणा कर रहे हैं.

वीडियो में चंद्रावत कह रहे हैं, “हत्या का दोषी वो गद्दार समझता है कि हिंदुओं के खून में गौरव नहीं है, वो जज्बा नहीं है. मेरे पास इतनी संपत्ति है, 1 करोड़ से ज्यादा का घर है. मैं डॉक्टर चंद्रावत इस मंच पर यह घोषणा करता हूं, जो मुझे विजयन का सिर काटकर ला देगा उसके नाम मैं अपना मकान और संपत्ति कर दूंगा. लेकिन ऐसे गद्दारों को इस देश के अंदर रहने का कोई अधिकार नहीं है. लोकतंत्र की हत्या करने का कोई अधिकार नहीं है.”

आरएसएस नेता ने गोधरा का जिक्र करते हुए भाषण को और ज्यादा उग्र बना दिया. उन्होंने कहा, “भूल गए क्या गोधरा को… 56 मारे थे. 2000 कब्रिस्तान में चले गए. इसी हिन्दू समाज ने उन्हें अंदर घुसा दिया. वामपंथियो सुन लो! तुमने 300 प्रचारक और कार्यकर्ताओं की हत्या की है.. इसके बदले में हम भारत माता को 3 लाख नरमुंडो की माला पहनाएंगे.”

You May Also Like  Kaleshwaram Scam उजागर करने वाले Whistleblower की हत्या!

बता दें कि केरल में लंबे समय से नेताओं और कार्यकर्ताओं की हत्या होती आ रही है. आरएसएस-बीजेपी और सीपीएम के कई कार्यकर्ता यहां आपसी हिंसा का शिकार हो चुके हैं. पिछले महीने भाजपा नेता संतोष की हत्या हुई, जो मई 2016 से राज्य में विजयन सरकार बनने के बाद से आठवीं हत्या थी. पिछले हफ्ते ही विजयन ने आरएसएस समेत सभी दक्षिण-पंथी संगठनों पर निशाना साधते हुए देश को बांटने का आरोप लगाया था.