नई दिल्ली. दिल्ली विश्वविद्यालय रामजस कॉलेज की छात्रा गुरमेहर कौर की चर्चा रूकने का नाम ही नही ले रही है. कॉलेज में हुए झगड़े के बाद दो ABVP कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया था. उसके बाद ABVP द्वारा उन लोगों को संगठन से सस्पेंड भी कर दिए जाने की खबर आई. खबरों के मुताबिक उन लोगों को विरोध रैली के दौरान एआईएसए के समर्थकों पर हमला करने के मामले में गिरफ्तार किया गया था.
इन सबके बाद खबर है कि एलएसआर की छात्रा और एक शहीद सैन्य अधिकारी की बेटी गुरमेहर कौर की तरफ से दिल्ली महिला आयोग में की गई शिकायत के संबंध में बुधवार को कथित तौर पर मिली ‘दुष्कर्म की धमकी’ के संबंध में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ यौन शोषण और आपराधिक धमकी का मामला दर्ज कर लिया है.
वहीं दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता और विशेष पुलिस आयुक्त (दक्षिण-पश्चिम) दीपेंद्र पाठक ने कहा कि, ‘भारतीय दंड संहिता की धारा 354ए (यौन शोषण और यौन शोषण के लिए दंड), 506 (आपराधिक धमकी के लिए दंड) और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.’ बीस वर्षीय गुरमेहर अभी तक जांच में शामिल नहीं हुई हैं.
अधिकारी ने बताया कि सोशल मीडिया के जिन अकाउंट से (बलात्कार की) धमकी दी गई थी उनकी पहचान करने की प्रक्रिया चल रही है. उसके बाद साइट्स से जानकारी लेने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि गुरमेहर ने फेसबुक पर आए एक संदेश का स्क्रीनशॉट उपलब्ध कराया है जिसमें एक शख्स ने उसके साथ ‘‘सामूहिक दुष्कर्म’’ और ‘‘उसका अश्लील वीडियो बनाने’’ की धमकी दी थी. पुलिस उस अकाउंट की भी जांच करेगी जिससे धमकी भरा संदेश गुरमेहर को भेजा गया है.