नई दिल्ली. दिल्ली के रामजस कॉलेज विवाद के बाद मंगलवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उप राज्यपाल अनिल बैजल से मुलाकात की. इस मुलाकात के दौरान केजरीवाल ने एबीवीपी के खिलाफ कैंपेन चलाने वाली कारगिल शहीद कैप्टन मनदीप सिंह की बेटी गुरमेहर कौर मिली धमकियों पर एलजी से चर्चा करते हुए एबीवीपी (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. इसके साथ ही केजरीवाल ने बीजेपी और एबीवीपी पर अपने सदस्यों को कॉलेज भेजकर राष्ट्र विरोधी नारे लगवाने का आरोप भी लगाया.
खबरों के मुताबिक केजरीवाल ने कहा कि, ‘बीजेपी और एबीवीपी ने अपने लोगों को भेजकर देश विरोधी नारे लगवाए और फिर वहां से फरार हो गए. दूसरे स्टूडेंट्स पर देश विरोधी नारे लगाने का आरोप लगाते हुए उनकी पिटाई की. ठीक ऐसा मामला जेयनयू में भी हुआ था. नारे लगाने वाले अभी तक नहीं पकड़े गए. क्यों उन्हें अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया? क्योंकि वह उनके अपने लोग थे इसलिए उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है?’
वहीं उन्होंने ये भी कहा कि, ‘जैसा पिछले साल जेएनयू में हुआ था वैसा ही अब डीयू में हुआ.’ उप राज्यपाल से मुलाकात कर इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने और उन्हें सजा दिए जाने की मांग की है. जिन्होंने भी देश विरोध नारे लगाए उनको गिरफ्तार किया जाना चाहिए. अगर वो गिरफ्तार होंगे तभी लोगों को पता चलेगा कि नारे लगाने वाले बीजेपी और एबीवीपी के कार्यकर्ता थे.
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि गुरमेहर कौर को रेप की धमकी देने के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है. यह अच्छी बात है, लेकिन सिर्फ इतना ही काफी नहीं है. धमकी देने वाले ऐसे लोगों को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए.
वहीं केजरीवाल से मुलाकात के बारे में एलजी अनिल बैजल ने ट्वीट करके जानकारी दी कि राज्य के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने उनसे राज निवास में मुलाकात की. इस मुलाकात में हमने उन्हें भरोसा दिया है कि, ‘कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. केजरीवाल ने भी बताया कि एलजी ने इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने का भरोसा दिया है.’ जो लोग गंदी राजनीति कर रहे हैं, उन्हें कभी माफ नहीं किया जायेगा.