लाल बत्ती मामले पर विवादास्पद ब्यान देने वाले कोलकाता के टीपू सुल्तान मस्जिद के शाही इमाम मौलाना बरकती ने आज कहा है कि अगर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपना सुरक्षा कवर हटा देते हैं तो वे भी अपनी कार से लाल बत्ती हटा देंगे। मौलाना बरकती ने मीडिया से कहा, ‘ प्रधानमंत्री और उनके कैबिनेट के सदस्यों को अपना सुरक्षा कवर छोड़ देना चाहिए, उन्हें ब्लैक कैट कमांडो भी नहीं रखने चाहिए, साथ ही पीएम मोदी और कैबिनेट के मंत्रियों को सरकारी सुविधाओं पर मिलने वाले हेलिकॉप्टर में उड़ना भी बंद कर देना चाहिए, अगर वे ऐसा करते हैं तो मैं भी लाल बत्ती छोड़ दूंगा।’
बरकती ने कहा था कि वे अपनी कार से लाल बत्ती नहीं हटाएंगे। उन्होंने कहा था कि अंग्रेजों ने उन्हें लाल बत्ती इस्तेमाल करने की इजाजत दी है, और वे वर्तमान केन्द्र सरकार के आदेश को नहीं मानते हैं, इसके लिए अपनी कार से लाल बत्ती नहीं हटाएंगे।
बरकती ने आज फिर अपनी बात को दोहराते हुए कहा कि ममता बनर्जी ने उन्हें अपनी कार से लाल बत्ती हटाने को नहीं कहा है। इस मामले में उनके खिलाफ 11 मई को FIR दर्ज किया गया था और गिरफ़्तारी की मांग की थी। बरकती ने अपने खिलाफ दर्ज FIR को पुरस्कार बताया। बरकती ने आरएसएस पर भी हमला बोला। बरकती ने कहा कि आरएसएस हिन्दू और मुस्लिम के खाई पैदा करना चाहती है। उन्होंने कहा कि अगर आरएसएस इतना ही बहादुर है तो उनके सदस्यों को बॉर्डर पर जाकर दुश्मनों का मुकाबला करना चाहिए।
मौलाना बरकती ने पाकिस्तान को सबक सिखाने का तरीका भी बताया। मौलाना ने कहा कि अगर उसे सशस्त्र सेनाओं की जिम्मेदारी दे दी जाए तो वह पाकिस्तान को करारा जवाब देगा। मौलाना ने कहा, ‘मुझे जनरल बना दो फिर मैं बताता हूं कि देश के दुश्मनों से कैसे निपटा जाता है, मुझे ये तरीका पता है।’