नई दिल्ली: भारतीय जवानों के शवों के साथ बर्बरता करने की पाकिस्तानी सेना की क्रूर हरकत और कश्मीर के हालात पर गुरुवार को सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने मीडिया से बात की। उन्होंने साफ किया कि वे पाकिस्तान को इसका माकूल जवाब देंगे। सेना प्रमुख जनरल रावत ने कहा, जब भी ऐसी कोई घटना होती है, हम इसका जरूर जवाब देते हैं। हालांकि उन्होंने सेना की कार्रवाई का कोई ब्योरा तो नहीं दिया, बस इतना कहा कि सेना कभी भविष्य की अपनी योजनाओं का खुलासा नहीं करती, काम पूरा हो जाने के बाद ही बताती है।

उन्होंने कहा कि कश्मीर में जो ऑपरेशन किया जा रहा है, वह यह पक्का करने के लिए है कि स्थिति नियंत्रण में है। आतंकी घुसने की कोशिश कर रहे हैं और हम अपना काम कर रहे हैं। पाकिस्तान की हरकत पर सेना प्रमुख ने कहा कि हम भी अपने स्तर पर इस प्रकार की कार्रवाई करते हैं। आर्मी चीफ रावत ने कहा कि कॉम्बिंग ऑपरेसन हमेशा से होते रहे हैं, आज इसलिए ज्यादा सघन है, क्योंकि कुछ बैंक लूटे गए हैं और पुलिसवालों की हत्या की गई है। उन्होंने कहा कि गर्मी के बढऩे के बाद आतंकी घुसपैठ बढ़ जाती है और सेना अपना काम करती है। यह पूछे जाने पर कि पिछले छह महीने में तीसरी बार पाकिस्तान की ओर से बर्बर कार्रवाई की गई है, सेना प्रमुख ने कहा कि ऐसी कार्रवाई का हम जवाब देते हैं। यह कोई नहीं बात नहीं है।

बता दें कि पाकिस्तानी सेना की बॉर्डर एक्शन टीम (बैट) के लड़ाकों ने इस हफ्ते की शुरुआत में एलओसी के पार भारतीय सीमा में घुसकर सेना के दो जवानों के शव को क्षत-विक्षत कर दिए थे। सेना ने इस घटना की जानकारी देते हुए अपने बयान में कहा था, ‘1 मई 2017 को कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास दो फॉरवर्ड पोस्ट्स पर पाकिस्तानी सेना की ओर से रॉकेट और मोर्टार से फायरिंग की गई। साथ ही दो पोस्ट्स के बीच पैट्रोल ऑपरेटिंग पर बैट एक्शन भी किया गया। पाकिस्तानी सेना ने कायरानापूर्ण रवैया दिखाते हुए हमारे दो जवानों के शवों को क्षत-विक्षत कर दिया। पाकिस्तानी सेना की ऐसी नृशंस हरकत का जल्द ही उचित जवाब दिया जाएगा।’

You May Also Like  सलीम की इस मुहिम ने देश के न्यायिक इतिहास में लिख दिया नया इतिहास