वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रूस के प्रेसिडेंट व्लादिमीर पुतिन के साथ सीरियाई संकट और कोरियाई प्रायद्वीप में गहराते संकट पर चर्चा की। अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय व्हाइट हाउस की ओर से जारी बयान के मुताबिक दोनों नेताओं ने फोन पर बातचीत की।

उनके बीच बातचीत काफी सकारात्मक रही। दोनों ने सीरिया में हिंसा खत्म करने के लिए सभी पक्षों पर काम करने का विश्वास जताया और पश्चिम एशिया में इस्लामिक स्टेट (आईएस) के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए एकजुट होकर काम करने पर भी चर्चा की।
* बयान में कहा गया कि अमेरिका 03-04 मई को कजाखस्तान के अस्ताना में सीरिया में संघर्ष विराम पर होने वाली चर्चा के लिए एक प्रतिनिधि भेजेगा।
* रूस के राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक दोनों राष्ट्रपति सीरिया में संघर्ष विराम के प्रयासों को बढ़ावा देने के लिए अपने-अपने देशों के विदेश मंत्रियों के बीच बातचीत में तेजी लाने पर भी सहमत हुए।

सीरिया पर अमेरिकी अटैक को लेकर था दोनों देशों के बीच तनाव

* सीरिया में पिछले महीने की गई अमेरिकी कार्रवाई के कारण अमेरिका और रूस में हुई तनातनी के बाद ट्रम्प और पुतिन के बीच फोन पर पहली बार बातचीत हुई है।
* अमेरिका ने सीरिया के विद्रोहियों के कब्जे वाले खान शेखौन इलाके में रसायनिक हमले के खिलाफ गत छह अप्रैल को सीरियाई सैन्य अड्डे पर मिसाइल अटैक किया था।
* बयान में कहा गया है कि ट्रम्प और पुतिन ने नॉर्थ कोरिया में बेहद खतरनाक स्थिति से निपटने के उपायों पर भी चर्चा की।
* कोरिया के मौजूदा हालात के कारण पूरे एशिया-प्रशांत क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। ट्रम्प ने पिछले सप्ताह कहा था कि उत्तर कोरिया के साथ बड़ा संघर्ष होने की आशंका है।

You May Also Like  Winged grass for have cattle air our whose said creepeth dominion