नई दिल्ली. उत्तर प्रदेश के नए मंत्री उपेंद्र तिवारी अचानक ही चर्चा में आ गए. दरअसल तिवारी का एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें तिवारी खुद झाड़ू लेकर अपने दफ्तर की सफाई करते दिख रहे हैं. योगी आदित्यनाथ के मंत्री उपेंद्र तिवारी जब विधानसभा में अपने दफ्तर पहुंचे, तो वहां कचरा बिखरा पड़ा था. जिसे देखते ही उन्होंने झाड़ू उठाया और सफाई करना शुरू कर दिया. जिसे देख वहां मौजूद अधिकारी दंग रह गये.
बता दें कि सीएम आदित्यनाथ बुधवार को खुद सचिवालय का अचानक निरीक्षण किया था. जिस दौरान उन्हें सीढ़ियों और दीवारों पर गुटखे के निशान दिखे थे. जिसपर आदित्यनाथ ने सख्ती दिखाते हुए उत्तर प्रदेश में पान गुटखा-पान पर बैन लगा दिया. यही नही उन्होंने सरकारी अधिकारीयों को दफ्तर में गुटखा-पान न खाकर आने की नसीहत दी है.
गौरतलब है कि योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री बनने के बाद आईएएस अफसरों के साथ मीटिंग की थी. इस बैठक में योगी ने अफसरों को सफाई रखने की शपथ भी दिलाई थी. प्रत्येक आईएएस अधिकारी को यह भी शपथ दिलाई गई कि वह अन्य सौ अधिकारियों को सफाई की शपथ दिलाएगा.
यूपी की नई सरकार के एजेंडे में सफाई काफी ऊपर है. वहीं गुरुवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने काम के पहले दिन लखनऊ में पीडब्लूडी मुख्यालय के सारे अधिकारियों-कर्मचारियों को सफाई रखने की शपथ दिलाई.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यूपी के 44 वर्षीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने मंत्रियों के साथ खुद शपथ ली थी कि वे अपने आस-पास के इलाके को साफ रखेंगे. उन्होंने अपने मंत्रियों साफ-सफाई के लिए साल भर में 100 घंटे देने को कहा था.