नई दिल्ली. एमसीडी चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है. गौरतलब है कि वेद प्रकाश ने 2015 के विधानसभा चुनाव में बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी. उन्हें 1,09,259 वोट मिले थे. उन्होंने बीजेपी कैंडिडेट गगन सिंह को 50 हजार से ज्यादा वोटों से हराया था. वहीं अब बवाना से आप विधायक ने भाजपा ज्वाइन करने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की और अरविंद केजरीवाल की जमकर आलोचना की है.

उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, ‘मैं किसी लालच में बीजेपी में नहीं आया. साफ-सुथरी राजनीति करने आया हूं. वहीं दिल्ली में हर जगह रिश्वत चल रही है. मैं नाकाम और बड़बोले लोगों में फंस गया हूं. अभी मेरे पास तीन साल का समय है. मैं बीजेपी में कोई पद नहीं लूंगा और पीएम मोदी की नीति से जुड़कर काम करूंगा और चाहूंगा की पीएम मोदी का आशीर्वाद मिलता रहे. मैं विधानसभा से इस्तीफा देने जा रहा हूं.’

वेद प्रकाश ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल को कुछ लोगों ने घेर रखा है. जो उन्हें कानों में बता दिया जाता है, वे यकीन कर लेते हैं. केजरीवाल को नहीं पता कि क्या चल रहा है. वह सिर्फ यही देखते हैं कि पीएम मोदी को और उप राज्यपाल को कैसे बदनाम किया जाए. आज तक जो भी काम हुआ है क्या उसे प्रोपर तरीके से ऊपर भेजा गया. सिर्फ यही नहीं चलेगा केंद्र काम नहीं करने देते. हम भी तो ठीक होने चाहिए. दिल्ली का हर आदमी ठगा हुआ महसूस कर रहा है.

You May Also Like  PM arrives in New Delhi after completing four nation visit

पत्रकारों से वार्ता के दौरान उन्होने कहा कि मैं काम करना चाहता हूं ताकि अपनी शक्ल अपने लोगों को दिखा सकूं.’ वहीं कांग्रेस के नेता अजय माकन ने भी कहा कि, ‘आम आदमी पार्टी से सब दुखी और नाराज़ हैं. उनके बहुत से विधायक हमारे भी संपर्क में हैं, लेकिन हम अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ चलेंगे.’