आज भारत के लिए खेलों के लिहाज़ से एक बड़ा दिन था। जहां एक और श्रीकांत अपना इंडोनेशिया ओपन का फाइनल खेल रहे थे। वहीं हॉकी की टीम को पाकिस्तान से भिड़ना था। क्रिकेट में भी आज संयोगवश भारत और पाकिस्तान आमने-सामने थे। मैच शुरू होने के बाद आये तमाम उतार-चढ़ाव के बाद जहां भारत का परचम बैडमिंटन और हॉकी में लहराया। वहीं क्रिकेट में टीम इंडिया की शर्मनाक हार ने लाखों उम्मीदों को निराश भी किया। भारतीय हॉकी टीम सैनिकों पर हमले के विरोध में काली पट्टी लगा कर मैदान में उत्तरी थी। दूसरी और टीम इंडिया जिसे देखने वालों की तादाद ज्यादा है, ने ऐसी ज़ेहमत नहीं उठाई।
बैडमिंटन में श्रीकांत ने रचा इतिहास
भारत के शीर्ष पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने इंडोनेशिया ओपन का खिताब अपने नाम किया। श्रीकांत यह खिताब जीतने वाले भारत के पहले पुरुष खिलाड़ी बन गये हैं। विश्व की 22वीं वरीयता प्राप्त श्रीकांत ने रविवार को खेले गये फाइनल मैच में जापान के काजुमासा साकाई को 21-11, 21-19 से मात देकर ऐतिहासिक सफलता हासिल की।
श्रीकांत का यह दूसरा सुपर सीरीज प्रीमियर खिताब है। इससे पहले उन्होंने 2014 में चाइना ओपन पर कब्जा जमाया था। श्रीकांत के लिए यह चौथा सुपर सीरीज फाइनल था। 2015 में वह इंडिया ओपन अपने नाम कर चुके हैं.
हॉकी: भारत ने पाकिस्तान को 7-1 से रौंदा
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल्स के अपने तीसरे पूल मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 7-1 से मात दी। हॉकी टीम के खिलाड़ियों ने सीमा पर सैनिकों पर हो रहे हमले के विरोध में काली पट्टी बांधकर मैच खेला। हरमनप्रीत सिंह ने (13वें और 33वें), तलविंदर सिंह (21वें और 24वें) तथा आकाशदीप सिंह (47वें और 59वें) मिनट में गोल किए। प्रदीप मोर ने भी 49वें मिनट में गोल किया। भारत की लगातार तीसरी जीत है और उसका सामना 20 जून को नीदरलैंड्स से होगा। दूसरी ओर, पाकिस्तान की लगातार तीसरी हार है। दूसरे मिनट में पाकिस्तान के पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल के अवसर को नाकाम करते हुए भारत ने 13वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर अपना खाता खोला। टीम के लिए यह गोल हरमनप्रीत ने किया। इसके बाद 21वें मिनट में तलविंदर सिंह ने फील्ड गोल दागकर भारतीय टीम को पाकिस्तान पर 2-0 से बढ़त दिलाई। इस बीच, मनदीप सिंह को ग्रीन कार्ड दिखाया गया।
इस इवेंट से पांच टीमें अगले साल के वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई कर जाएंगी। इसके अलावा तीन टीमें इस साल के हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल में जगह बना लेंगी। दोनों ही टूर्नामेंट भारत में होने हैं।
क्रिकेट: पाकिस्तान ने दी भारत को 180 रनों की करारी शिकस्त
चैंपियंस ट्रॉफी 2017 के फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को करारी शिकस्त देकर पहली बार चैंपियंस ट्रॉफी के खिताब पर अपना कब्जा किया। इसी के साथ ही भारत का तीसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी जीतने का सपना भी चकनाचूर हो गया है। पाकिस्तान ने भारत को जीत के लिए 339 रनों का लक्ष्य दिया था. जिसके जवाब में टीम इंडिया 30.3 ओवर में 180 रन पर ही ऑल आउट हो गई और पाकिस्तान की टीम ने मैच 180 रनों से अपने नाम कर लिया। भारत की ओर से हार्दिक पंड्या (76) के अलावा कोई बैट्समैन नहीं चला। पाकिस्तान के मोहम्मद आमिर ने 3/16 विकेट, हसन अली ने 3/19 विकेट, शादाब खान ने 2/60 विकेट और जुनैद खान ने 1/20 विकेट लिया।
टूर्नामेंट में 338 रन बनाने वाले शिखर धवन को गोल्डन बैट मिला, जबकि सबसे अधिक 13 विकेट लेने वाले पाक गेंदबाज हसन अली को गोल्डन बॉल अवॉर्ड मिला। हसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया। पाकिस्तान के लिए 114 रनों की मैच विनिंग पारी खेलने वाले फखर जमां को मैन ऑफ द मैच मिला।
एलेग्जेंडर ढिस्सा