केरल के मुख्‍यमंत्री पिनराई विजयन और राज्‍य के पुलिस प्रमुख लोकनाथ बहेड़ा ने आज राज्‍यपाल पी सदाशिवम से मुलाकात की और हिंसा की घटनाओं को रोकने के लिए उठाये गए कदमों की जानकारी दी। राज्‍यपाल ने उन्‍हें कल रात राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ के एक कार्यकर्ता की हत्‍या समेत हाल ही में हुई हिंसक घटनाओं के बारे में तलब किया था।

राज्‍यपाल ने एक टवीट कर बताया है कि उन्‍होंने मुख्‍यमंत्री और राज्‍य पुलिस को तिरूवनंतपुरम में कानून और व्‍यवस्‍था की स्थिति बनाए रखने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देने के वास्‍ते बुलाया है। राज्‍यपाल ने कहा कि मुख्‍यमंत्री ने सूचित किया है कि राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता राजेश इडावाकोड़े के हत्‍यारों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्‍यमंत्री ने आश्‍वासन दिया है कि कानून तोड़ने वालों से सख्‍ती से निपटा जाएगा और उनकी राजनीतिक संबद्धता या सामाजिक स्‍तर पर कोई ध्‍यान नहीं दिया जाएगा।

सदाशिवम ने इस संबंध में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से भी बात की है और उन्‍हें राज्‍य की स्थिति तथा सरकार द्वारा उठाए गए कदमों से अवगत कराया है।

पुलिस ने राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता की हत्‍या के मामले में अभी तक छह लोगों को हिरासत में लिया है। राज्‍य में भारतीय जनता पार्टी के अध्‍यक्ष कुम्‍मानम राजशेखरन ने आरोप लगाया है कि इस हमले में मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी का हाथ है। भाजपा ने इसके विरोध में आज राज्‍य में दिनभर की हड़ताल का आहवान किया है।

You May Also Like  केरल के CM का सिर काटकर लाने वाले को मिलेगा 1 करोड़ का इनाम- RSS नेता