Sadprayas

रामनाथ कोविंद आम से हुए खास; चुने गए भारत के 14वें राष्ट्रपति

रामनाथ कोविंद देश के नए राष्‍ट्रपति चुने गए हैं। उन्‍होंने विपक्ष की उम्‍मीदवार मीरा कुमार को भारी वोटों के अंतर से हराकर यह जीत हासिल की है। वे देश के 14वें राष्‍ट्रपति होंगे।

लोकसभा महासचिव निर्वाचन अधिकारी अनूप मिश्रा ने नई दिल्‍ली में चुनाव नतीजों की घोषणा की। उन्‍होंने बताया कि कोविंद को 2930 वोट मिले हैं, जिनका मूल्‍य 7,02, 044 है। मीरा कुमार को 1844 वोट मिले, जिनका मूल्‍य 3,67, 314 है।

कोविंद ने जीत हासिल करने के बाद दिल्‍ली में अपने आवास में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि देश के सर्वोच्‍च पद के लिए उनका चुना जाना ईमानदारी से काम करने वाले लोगों के लिए एक संदेश है। उन्‍होंने कहा कि वे राष्‍ट्रपति भवन में समाज के गरीब तबकों और कामगारों का प्रतिनिधित्‍व करेंगे। कोविंद ने विपक्ष की उम्‍मीदवार मीरा कुमार सहित उनको समर्थन देने वाले सभी लोगों को धन्‍यवाद दिया।

मीरा कुमार ने कोविंद को शुभकामनाएं दी। मीरा कुमार ने कहा कि धर्मनिपेक्षता और पिछड़े लोगों के लिए वे संघर्ष करती रहेंगी।

कोविंद, राष्‍ट्रपति का पद संभालने वाले पहले भाजपा सदस्‍य हैं। वे के आर नारायणन के बाद इस पद पर चुने जाने वाले दूसरे दलित व्‍यक्ति हैं।

25 जुलाई को अपने कार्यकाल से सेवानिवृत्त हो रहे राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने भी रामनाथ कोविद को उनकी शानदार जीत पर बधाई दी।

 

Exit mobile version