हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में सोमवार को भी भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने कुल्लू के लिए हाई अलर्ट जारी किया है। उधर कुल्लू की एनएचपीसी कॉलोनी में भीषण बारिश के बाद बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने वायुसेना का हेलिकॉप्टर पहुंचा और उन्हें सकुशल वहां से बाहर निकाल लिया।

मूसलाधार बारिश के बाद नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। सोमवार को हुई बारिश ने हालात और बदतर कर दिए। एनएचपीसी कॉलोनी में दो लोगों के फंसे होने की सूचना पर प्रशासन तुरंत हरकत में आया और एयरफोर्स ने रेस्क्यू की कमान संभाली।

कई जिलों में अत्यधिक बारिश

शिमला के मौसम केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मध्यम से लेकर भारी बारिश हो रही है। सुबह 8:30 बजे दर्ज किए गए आंकड़ों के मुताबिक, चंबा जिले के डलहौजी में पिछले 24 घंटों में 170 मिमी, मनाली में 121 मिमी, कांगड़ा में 120.08 मिमी, पालमपुर में 108 मिमी, धर्मशाला में 62.6 मिमी और उना में 62 मिमी बारिश हुई है। राज्य की राजधानी शिमला में 23.1 मिमी बारिश हुई। कुल्लू जिले के लिए ‘हाई अलर्ट’ जारी करते हुए उपायुक्त युनूस ने लोगों को चेतावनी दी कि बाढ़ जैसी स्थिति के मद्देनजर वे नदियों और नालों के पास न जाएं।

मनाली में बही कार, 5 लापता

मनाली में एक कार के नदी के पानी में बहने की भी खबर आ रही है। एसडीएम रमन घारसंगी ने बताया, ‘मनाली में एक कार के नदी में बहने की सूचना मिली है। कार में 5 लोग सवार थे। फिलहाल किसी का पता नहीं चल पाया है।’

You May Also Like  Divided them form. Lights that make without.