Sadprayas

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को झटका, अजित जोगी की पार्टी के साथ चुनाव लड़ेंगी मायावती

नई दिल्ली:छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस को झटका लगा है. अजीत जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस (छत्तीसगढ़-जे) और मायावती की बीएसपी के बीच गठबंधन हुआ है और वे दोनों साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे. दोनों दलों के बीच हुए समझौते के तहत 90 में से 35 सीटों पर BSP, लड़ेगी जबकि अजीत जोगी की पार्टी 55 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी. इससे पहले ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि बसपा छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के साथ गठबंधन कर सकती है.

बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि छत्तीसगढ़ में बसपा 35 और जनता कांग्रेस पार्टी 55 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. उन्होंने कहा कि अगर हम चुनाव जीतते हैं तो अजीत जोगी मुख्यमंत्री बनेंगे. बता दें कि छत्तीसगढ़ के पहले मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने कांग्रेस से निष्कासित किए जाने के बाद अपनी पार्टी का गठन किया था.

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने कहा कि बीजेपी पिछले 15 साल से सत्ता में है. सत्ता का दुरुपयोग, पैसे का दुरुपयोग, प्रशासनिक तंत्रों का दुरुपयोग करके वह फिर से सत्ता में आना चाहती है. अब हमारा गठबंधन हो गया है. मायावती जी और हमलोग मिलकर बीजेपी को जरूर रोक लेंगे.

बता दें कि छत्तीसगढ़ में इस साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक पार्टियां तैयारियों में जुटे हुए हैं. एक तरफ जहां बीजेपी वर्तमान मुख्यमंत्री रमन सिंह के नेतृत्व में ही विधानसभा का चुनाव लड़ेगी, वहीं कांग्रेस ने अब तक सीएम पद के उम्मीदवार का ऐलान नहीं किया है.

साभार : ndtv india

Exit mobile version