नई दिल्ली.  राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी ने बिहार के लिए पैकेज देने का वादा किया था लेकिन वो ‘फैकेज’ निकला.

एक आरटीआई से हुए खुलासे पर उन्होने कहा कि, ‘मोदी ने अक्टूबर 2015 के विधानसभा चुनावों के दौरान बिहार को 1.25 लाख करोड़ रुपये का पैकेज देने का वादा किया था जो जिसके मिलने का आज भी इंतजार हो रहा है.’

बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन में शामिल आरजेडी, जेडीयू कांग्रेस राज्य में विपक्षी दल ने भी आरटीआई से मिली जानकारी के बाद बीजेपी पर निशाना साधा. महागठबंधन के नेताओं का कहना है कि, ‘यह एक बड़ा सवाल है कि मोदी और बीजेपी पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में भी विधानसभा चुनाओं के दौरान ‘धुंआधार’ वादे कर रहे हैं लेकिन उनके पूरा होने पर प्रश्नचिन्ह है?’

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई के आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली ने दिसंबर 2016 में केंद्रीय वित्त मंत्रालय से मोदी सरकार की ओर से विभिन्न राज्यों को दिए गए वित्तीय सहायता या डेवलपमेंट पैकेज के आश्वासन के बारे में जानकारी मांगी थी. जिसमें पूछा गया था कि जो आश्वासन दिए गए थे, उनमें से कितने पूरे हुए है?  वहीं वित्त मंत्रालय के उप निदेशक आनंद परमार ने इस आरटीआई का सीधा उत्तर देने की बजाए गोलमोल जवाब देकर स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की है.

 वित्त मंत्रालय से मिले जवाब के आधार पर आरटीआई कार्यकर्ता ने कहा कि यह शर्मनाक है. इसकी वजह यह है कि यह आश्वासन किसी और ने नही बल्कि प्रधानमंत्री ने दिया था. डेढ़ साल बीत जाने के बाद भी इस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है.

You May Also Like  HP विधानसभा: डॉक्टरों के खाली पदों पर विपक्ष ने किया हमला

लालू यादव ने एक ट्वीट साझा करते हुए मोदी को यह सलाह दी कि प्रधानमंत्री जैसे शीर्ष संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को इस तरह ‘झूठ नहीं बोलना चाहिए.’

उन्होने ये भी कहा कि, ‘मोदी ने 2014 के लोकसभा चुनाव में वाराणसी को क्योटो बनाने का वादा किया था लेकिन लगभग तीन साल बाद उनकी कलई खुल गई है और यह साबित हुआ है कि उनके कहे शब्द और वादे केवल ‘झूठ का पुलिंदा’ हैं.’ वहीं जेडीयू के वरिष्ठ नेता नीरज कुमार ने कहा कि,’ यह हमारी बात को साबित करता है कि मोदी की ओर से घोषित विशेष पैकेज केवल ‘जुमला’ है और कुछ नहीं है.’

बिहार के शिक्षा मंत्री और राज्य में कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक चौधरी का कहना है कि प्रधानमंत्री को लोगों को किए गए वादों का ध्यान रखना चाहिए. मोदी के विशेष पैकेज की घोषणा पर कांग्रेस पार्टी ने संदेह किया था लेकिन पीएम मोदी को सिर्फ वादा करने की आदत है, ना कि उन्हें पूरा करने की.