Sadprayas

खट्टर विधायक दल के नेता चुने गए, हरियाणा के मुख्यमंत्री होंगे

हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी के नेता मनोहर लाल खट्टर को आज चंडीगढ़ में पार्टी के विधायक दल का नेता सर्वसम्‍मति से चुन लिया गया है। केन्‍द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने आज यह घोषणा की। विधायक दल की बैठक में प्रसाद के अलावा भाजपा के महासचिव अरुण सिंह भी केन्‍द्रीय पर्यवेक्षक के रूप में शामिल थे।

विधायक अनिल विज और कंवर पाल ने खट्टर के नाम का प्रस्‍ताव किया, जिसका अन्‍य भाजपा विधायकों ने समर्थन किया।

विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद मनोहर खट्टर हरियाणा के राज्‍यपाल सत्‍यदेव नारायण आर्य से मुलाकात कर राज्‍य में सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्‍व वाली गठबंधन सरकार का शपथ ग्रहण समारोह कल होने की संभावना है।

उधर, आज चंडीगढ़ में जननायक जनता पार्टी-जेजेपी के विधायकों की बैठक भी हो रही है, जिसमें उप-मुख्‍यमंत्री के नाम पर अंतिम निर्णय लिया जायेगा। पार्टी के नेता दुष्‍यंत चौटाला भी आज राज्‍यपाल से मिलकर भाजपा को समर्थन देने का पत्र सौंप सकते हैं।

जेजेपी के साथ गठबंधन के लिए समझौता होने के साथ ही राज्‍य में भाजपा नई सरकार बनाने के लिए तैयार है। समझौते के तहत मुख्‍यमंत्री भाजपा का जबकि उप-मुख्‍यमंत्री जेजेपी का होगा। भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह ने कल रात नई दिल्‍ली में जेजेपी नेता दुष्‍यंत चौटाला के साथ बैठक के बाद यह घोषणा की थी।

दुष्‍यंत चौटाला पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल के प्रपौत्र हैं। उन्‍होंने कहा कि हरियाणा में स्थिरता के लिए गठबंधन जरूरी था।
राज्‍य की 90 सदस्‍यों वाली विधानसभा में 40 सीटों के साथ भाजपा सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है। कांग्रेस को 31 सीटें मिली हैं। जेजेपी ने 10, आईएनएलडी और हरियाणा लोकहित पार्टी को एक-एक और निर्दलीय को सात सीटें मिली हैं। सात निर्दलीय विधायकों में से अधिकतर भाजपा को समर्थन देने की घोषणा कर चुके हैं।

Exit mobile version