लंदन: इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों के सामने भारतीय बल्लेबाजों ने एक बार फिर घुटने टेक दिए जिससे मेजबान टीम ने वर्षा से प्रभावित दूसरे क्रिकेट टेस्ट के चौथे ही दिन आज यहां पारी और 159 रन की जीत के साथ पांच मैचों की श्रृंखला में 2-0 की बढ़त बना ली।

बारिश के कारण पहले दिन एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी जबकि बाकी दिन भी बारिश की आंख मिचौली चलती रही लेकिन इसके बावजूद इंग्लैंड की टीम ने यह मैच सिर्फ 170 . 3 ओवर के खेल में जीता। विराट कोहली की कप्तानी में यह भारत की पारी के अंतर से पहली हार है।

पहली पारी की तरह दूसरी पारी में भी इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों का दबदबा रहा। जेम्स एंडरसन (23 रन पर चार विकेट) और स्टुअर्ट ब्राड (44 रन पर चार विकेट) ने शीर्ष और मध्यक्रम को ध्वस्त किया जिससे भारतीय टीम दूसरी पारी में 47 ओवर में 130 रन पर ढेर हो गई।

भारत की ओर से हार्दिक पंड्या (26) और रविचंद्रन अश्विन (नाबाद 33) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 55 रन की भारत की मैच की सर्वश्रेष्ठ साझेदारी करके टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। पहली पारी में 29 रन बनाने वाले अश्विन दोनों पारियों में भारत के शीर्ष स्कोरर रहे।

पहले दोनों सत्र में बारिश के कारण समय से पहले ब्रेक लेना पड़ा। भारत ने दूसरे सत्र में 23 ओवर में सिर्फ 49 रन जोड़कर चार विकेट गंवाए जो सभी ब्राड के खाते में गए।

You May Also Like  पाकिस्तान के लिए राहत, प्रधानमंत्री इमरान को नहीं है कोरोना

इससे पहले भारत के पहली पारी में 107 रन के जवाब में इंग्लैंड ने 88 .1 ओवर में सात विकेट पर 396 रन बनाकर पहली पारी घोषित की। मेजबान टीम ने पहली पारी के आधार पर 289 रन की बढ़त हासिल की।

इंग्लैंड ने दिन की शुरुआत छह विकेट पर 357 रन से की। इंग्लैंड की टीम ने सुबह के सत्र में तेजी से रन जुटाने की कोशिश की लेकिन मोहम्मद शमी (96 रन पर तीन विकेट) ने बल्लेबाजों को काफी परेशान किया।

शमी ने क्रिस वोक्स (नाबाद 137) और सैम कुरेन (40) को कई बार छकाया लेकिन विकेट हासिल करने में नाकाम रहे।