Sadprayas

हिमाचल भाजपा के नव निर्वाचित विधायकों की शिमला में बैठक आज

हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के नव निर्वाचित विधायकों की रविवार को शिमला में बैठक होगी। कोर समूह के सदस्यों और पार्टी सांसदों को भी बैठक में आमंत्रित किया गया है।

राज्य पार्टी अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने बताया कि केंद्रीय मंत्रियों और केंद्रीय पर्यवेक्षकों के रूप में नरेन्द्र सिंह तोमर और निर्मला सीतारमण के अलावा राज्य में पार्टी मामलों के प्रभारी मंगल पांडे बैठक को संबोधित करेंगे।

इस बीच, एक दिन पहले भाजपा के विधायकों के अपने नेता के चयन के बीच प्रेम कुमार धूमल ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की दौड़ में खुद के शामिल होने से इंकार किया है।

शिमला में आज संवाददाताओं से बातचीत करते हुए श्री धूमल ने कहा कि नतीजा आने के दिन उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि वे किसी दौड़ में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अंतिम फैसला हाईकमान को लेना है।

Exit mobile version