राज्यसभा में उपसभापति पद के लिए सत्तारूढ़ एनडीए ने जनता दल यूनाइटेड के हरिवंश और कांग्रेस ने बी के हरि प्रसाद को उम्मीदवार बनाया है।
आज राज्यसभा में पहले घंटे में चुनाव होगा। सूत्रों ने बताया कि मतदान ध्वनिमत से कराया जायेगा। जरूरी हुआ तो मत विभाजन होगा।
बिहार का प्रतिनिधित्व कर रहे श्री हरिवंश जानेमाने पत्रकार हैं जबकि श्री हरि प्रसाद कर्नाटक से सांसद हैं। उपसभापति का पद पिछले महीने प्रोफेसर पी जे कुर्रियन के सेवानिवृत्त होने पर रिक्त हुआ है। इस बीच, तेलुगु देशम पार्टी ने श्री हरि प्रसाद को समर्थन देने का निर्णय लिया है।
अगर राज्यसभा में नंबर की बात करें तो इस मामले में एनडीए को बढ़त मिलती दिख रही है। राज्यसभा में बीजेपी का स्कोर 116 तक पहुंचा है। बीजेडी के सांसदों के समर्थन के बाद यह 123 होगा। बीजेपी के मैनेजरों का प्रयास 125-128 वोट हासिल करने का है। बीजेडी के समर्थन के बगैर बीजेपी यूपीए से पीछे ही रहेंगे। बीजू जनता दल इस फैसले में अहम फैक्टर होगा।
बताया जा रहा है कि बीजेडी प्रमुख और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने अनौपचारिक बातचीत में एनसीपी नेता शरद पवार से कहा है कि क्योंकि यूपीए ने समर्थन को लेकर उनकी पार्टी से कोई बात नहीं कही है, इसलिए उन्होंने नीतीश कुमार के उम्मीदवार को समर्थन देने का फैसला किया है। यदि एआईएडीएमके (13), बीजेडी (नौ), टीआरएस (छह) और वाईएसआर कांग्रेस (दो) का समर्थन एनडीए को मिल जाता है तो उसके पास 126 मत हो जाएंगे। उच्च सदन में बीजेपी के 73 और कांग्रेस के 50 सदस्य हैं। भाजपा के सहयोगी जेडीयू, शिवसेना और अकाली दल के क्रमश: छह और तीन- तीन सदस्य हैं।
बता दें कि यूपीए के पास 118 वोट हैं। सभी पार्टियों ने कांग्रेस से एनडीए प्रत्याशी के विरोध में अपना उम्मीदवार खड़ा करने को कहा था, क्योंकि कोई भी क्षेत्रीय पार्टी अपना उम्मीदवार नहीं खड़ा करना चाहती थी।
