Sadprayas

बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के काफिले पर अंडों की बौछार

अहमदाबाद. सोमवार की देर रात बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह का काफिला जब सोमनाथ जा रहा था तभी जूनागढ़ के केशोद के नजदीक उन पर अंडे फेंके गए. जानकारी के मुताबिक रास्ते पर खड़े पाटीदारों ने जैसे ही अमित शाह का काफिला देखा तो अंडों की बौछार कर विरोध शुरु कर दिया. अचानक अंडों की बौछार से पहले तो गाड़ियों की गति धीमी हो गई लेकिन फिर जल्दी ही काफिला सोमनाथ की ओर बढ़ गया. आपको बता दें कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रधानमंत्री मोदी के साथ बुधवार को सोमनाथ में एक कार्यक्रम में शिरकत करने वाले हैं.

गौरतलब है कि पिछले साल पाटीदारों के आरक्षण आंदोलन के दौरान उन पर लाठियां चलाई गई थीं, जिसमें कइयों को चोटें आई थीं. पाटीदार आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल समेत कई नेताओं का मानना है कि अमित शाह के इशारे पर लाठीचार्ज हुआ था. इसे लेकर पाटीदार आंदोलन के नेता अमित शाह से नाराज चल रहे हैं.

पहले भी हुआ था विरोध

इससे पहले सूरत में भी अमित शाह पाटीदारों के कार्यक्रम में पहुंचे थे. वह इस कार्यक्रम में शिरकत करके संदेश देना चाहते थे कि पाटीदार हमारे साथ हैं, लेकिन वहां पाटीदार आंदोलन के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया. बात इतनी बढ़ गई कि अमित शाह को अपना भाषण बीच में छोड़कर भागना पड़ा.

गौरतलब है कि पिछले काफी समय से अमित शाह ने यूपी में डेरा डाल रखा था. 8 मार्च को यहां अंतिम चरण का मतदान होगा. अमित शाह ने यूपी में सपा-बसपा और कांग्रेस पर जमकर हमला किया. यही नहीं गोरखपुर में तो उन्होंने योगी आदित्यनाथ के साथ मिलकर बड़ा रोड शो किया. अमित शाह का कहना है कि यूपी में बीजेपी का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहेगा.

Exit mobile version