Sadprayas

जोकोविच ने जीता तीसरा यूएस ओपन खिताब; रिकॉर्ड में की पीट सम्प्रास की बराबरी

सर्बिया के दिग्गज टेनिस प्लेयर नोवाक जोकोविच ने जुआन मार्टिन डेल पोत्रो को हराकर तीसरी बार यूएस ओपन का खिताब जीत लिया। आठवीं बार यूएस ओपन फाइनल खेलने वाले जोकोविच ने डेल पोत्रो को 6-3, 7-6, 6-3 से हराया और लगातार सेटों में खिताबी जीत दर्ज की। वह 2011 और 2015 में भी यूएस ओपन पुरुष एकल का खिताब जीत चुके हैं और अब ग्रैंडस्लैम खिताब के मामले में स्पेन के राफेल नडाल से 3 और स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर से 6 खिताब पीछे हैं।

इस जीत के साथ ही जोकोविच ने दिग्गज पीट सम्प्रास के 14 ग्रैंडस्लैम खिताब की भी बराबरी कर ली। 31 वर्षीय जोकोविच पिछले साल यूएस ओपन में कोहनी की चोट के कारण नहीं खेले थे। दुनिया के पूर्व तीसरे नंबर के खिलाड़ी डेल पोत्रो 9 साल पहले यूएस ओपन जीतने के बाद दूसरी ही बार किसी ग्रैंडस्लैम के फाइनल में पहुंचे थे। अर्जेंटीना के इस प्रतिद्वंद्वी पर जोकोविच की यह 15वीं और ग्रैंडस्लैम में पांचवीं जीत थी।

जोकोविच की इस जीत के बाद पिछले 55 में से 50 ग्रैंडस्लैम ‘बिग-4’ यानी फेडरर , नडाल, जोकोविच या एंडी मरे ने जीते हैं। भारी बारिश के कारण ऑर्थर एश स्टेडियम की छत बंद कर दी गई थी। जोकोविच ने पहले ही सेट में 5-3 से बढ़त बना ली। उन्होंने 22 शॉट की लंबी रैली के बाद पहला सेट अपनी झोली में डाला। डेल पोत्रो ने दूसरे सेट में वापसी की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। तीसरे सेट में डेल पोत्रो काफी थके हुए नजर आए और जोकोविच ने सेट के साथ मैच जीत लिया।

Exit mobile version