इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस में भारत को एक बार फिर से बड़ी जीत हासिल हुई है। जज के चुनावों में ब्रिटेन द्वारा अपनी उम्मीदवारी वापस लेने के बाद भारत के उम्मीदवार जस्टिस दलवीर भंडारी ने वर्ल्ड कोर्ट में दोबारा जज का पद हासिल कर लिया है। न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र में हुए इन चुनावों में जनरल एसेंबली ने जस्टिस भंडारी को 183 वोट दिए, तो वहीं सिक्यूरिटी काउंसिल द्वारा उन्हें 15 वोट मिले।

बता दें कि भंडारी और ब्रिटेन के क्रिशटॉफर ग्रीनवुड के बीच इन चुनाव में कांटे की टक्कर थी। ऐसा पहली बार हुआ है जब वर्ल्ड कोर्ट में ब्रिटेन का जस्टिस नहीं होगा। सिक्यूरिटी काउंसिल के स्थायी सदस्यों में यूएस, रूस, फ्रांस और चीन ने ग्रीनवुड के पक्ष में मतदान किया। ब्रिटेन सिक्यूरिटी काउंसिल का पांचवा स्थायी सदस्य है। 12वें राउंड की वोटिंग होने से पहले यूएन में ब्रिटेन के स्थायी प्रतिनिधि मैथ्यू रायक्रॉफ्ट ने यूएन जनरल एसेंबली के अध्यक्षों और सिक्यूरिटी काउंसिल को पत्र लिखकर ग्रीनवुड की उम्मीदवारी वापस लेने की बात कही थी।

इस पत्र में लिखा गया था कि “हमारे उम्मीदवार जस्टिस ग्रीनवु़ड ने फैसला लिया है कि इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस के चुनाव से वे अपना नाम वापस लेते हैं।” ग्रीनवुड द्वारा नाम वापस लेने के बाद जस्टिस भंडारी एकलौते उम्मीदवार बच गए थे जिसके बाद 11वें राउंड तक की वोटिंग के आधार पर उन्हें विजेता घोषित किया गया। 11वें राउंड तक की वोटिंग में जस्टिस भंडारी को जनरल एसेंबली में दो-तिहाई वोट मिले थे। जस्टिस भंडारी की जीत के बाद ब्रिटेन ने बयान जारी कर कहा कि “वे वैश्विक स्तर पर हमेशा भारत को सहयोग करेंगे।

You May Also Like  प्रधानमंत्री ने की मन की बात; कांग्रेस ने कहा- जनता से सरोकार नहीं, पनामा पेपर चुप्पी पर पूछा सवाल

जस्टिस भंडारी के वर्ल्ड कोर्ट में फिर से जज बनने के बाद सभी उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विटर से जस्टिस भंडारी को बधाई देते हुए लिखा है, ” मैं जस्टिस दलवीर भण्डारी को अंतर्राष्ट्रीय कोर्ट को जस्टिस में दोबारा चुने जाने पर बधाई देता हूँ, ये हमारे लिए गर्व का पल है। ”

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने भी ट्विटर पर भंडारी को ढेर सारी शुभकामनाएं देते हुए लिखा “वंदे मातरम – भारत ने इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस के चुनाव में जीत हासिल की। जय हिंद।”

inputs from Jansatta