Sadprayas

पाकिस्तान में ब्लास्ट: 38 की मौत, 120 घायल

पाकिस्तान में आज तीन अलग-अलग बम विस्फोटों में कम से कम 38 लोग मारे गए और 120 से अधिक घायल हो गए। आज तीसरे पहर कुर्रम कबायली एजेंसी में पाराचिनार में दो लगातार हुए बम विस्फोटो में कम से कम 25 लोग मारे गए और 100 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि यह दोनों विस्फोट पाराचिनार के तुरी बाजार इलाके में उस समय हुए जब भारी संख्या में लोग इफ्तार और ईद की खरीदारी में व्यस्त थे।

दूसरा विस्फोट उस समय हुआ जब कुछ लोग पहले विस्फोट में घायल हुए लोगों को बचाने और उनकी सहायता करने के लिए घटना स्थल पर जा रहे थे। अस्पताल अधिकारियों ने 20 घायलों की स्थिति गंभीर होने की पुष्टि की है। अंतर सेवा जन संपर्क के जारी बयान में कहा गया है कि सेना ने घायलों को निकालने के लिए दो हेलीकॉप्टर पेशावर भेजे हैं। पाकिस्तानी सैन्य टुकड़ी और अन्य बचाव कर्मी भी घटना स्थल पर पहुंच गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि कुर्रम एजेंसी की राजधानी पाराचिनार के सभी अस्पतालों में आपातकाल लागू कर दिया गया है। घटना स्थल को घर लिया गया है और तलाशी अभियान जारी है।

इससे पहले आज दिन में पाकिस्तान के क्वेट्टा में शुहादा चौक पर आत्मघाती कार बम विस्फोट में छह पहुलिसकर्मियों सहित 13 लोग मारे गए और 21 अन्य घायल हो गए। पुलिस का कहना है कि यह विस्फोट गुलिस्तां रोड पर ब्लूचिस्तान पुलिस महानिरीक्षक के कार्यालय के पास हुआ। सिविल डिफेंस निदेशक असलम तारीन ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इस हमले में 75 किलोग्राम विस्फोटकों का उपयोग किया गया।

उन्होंने बताया कि विशेषज्ञों ने अधिक से अधिक नुकसान पहुंचाने के इरादे से इस विस्फोट में उपयोग किए गए बॉल बेयरिंग और विभिन्न प्रकार के नट बोल्टो का पता लगाया है। बलूचिस्तान के एक प्रवक्ता ने बताया कि एक वाहन में जा रहे संदिग्ध हमलावर ने पुलिस कार्यालय को निशाना बनाते हुए सुरक्षा परधि को तोड़ा। घटनास्थल पर खड़े पुलिसकर्मी उसे रोकते, तब तक उसने अपने आप को उड़ा दिया।

Exit mobile version