कप्तान रोहित शर्मा (52) और शिखर धवन (46) की बेहतरीन पारियों के दम पर भारत ने एशिया कप 2018 ग्रुप-ए के अपने दूसरे मैच में बुधवार को पाकिस्तान को 8 विकेट से हरा दिया. भारत ने दुबई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में टॉस हारकर पहले गेंदबाजी करते हुए पाकिस्तान को 43.1 ओवर में 162 रन पर ढेर कर दिया और फिर 29 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. गेंदों की लिहाज से पाकिस्तान पर भारत की यह सबसे बड़ी जीत है.

भारत और पाकिस्तान आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी 2017 के फाइनल के बाद से पहली बार भिड़े हैं. चैम्पियंस ट्रॉफी 2017 के फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को हराया था, लेकिन अब भारत ने पाकिस्तान को हराकर हिसाब चुकता कर लिया है.

भारत की टूर्नामेंट में यह लगातार दूसरी जीत है.उसने अपने पहले मैच में हागं कांग को 26 रन से हराया था.वहीं पाकिस्तान की टूर्नामेंट में यह पहली हार है.पाकिस्तान ने अपने पहले मैच में हांग कांग को आठ विकेट हराया था.

पाकिस्तान से मिले 163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को रोहित और शिखर ने पहले विकेट के लिए 86 रन की साझेदारी कर शानदार शुरुआत दी.

रोहित को शादाब खान ने गुगली पर बोल्ड किया. उन्होंने 39 गेंदों की पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए. रोहित का वनडे में यह 35वां अर्धशतक है. इसके अलावा उन्‍होंने 18 शतक भी लगाए हैं.

रोहित के आउट होने के बाद शिखर ने अंबाती रायडू (नाबाद 31) के साथ दूसरे विकेट के लिए 18 रन जोड़े. हालांकि शिखर अपने अर्धशतक से चूक गए.उन्होंने 54 गेंदों की पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया.शिखर का विकेट टीम के 104 के स्कोर पर गिरा

You May Also Like  Fodder Scam: लालू यादव को विशेष अदालत से साढ़े तीन साल की कैद व 5 लाख जुर्माने की मिली सजा

पाकिस्तान की ओर से फहीम अशरफ ने 31 रन पर एक विकेट और शादाब ने छह रन पर एक विकेट हासिल किए.

इससे पहले भारत ने पाकिस्तान को 43.1 ओवर में 162 रनों पर समेट दिया. दो बार की चैम्पियन पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने तीन रन के स्कोर पर ही इमाम उल हक (2) और फखर जमां (0) को आउट कर पाकिस्तान के फैसले को गलत साबित कर दिया.

हालांकि इसके बाद बाबर आज़म (47) और अनुभवी बल्लेबाज शोएब मलिक (43) ने तीसरे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी कर पाकिस्तान को कुछ हद तक संभालने की कोशिश की लेकिन चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने आज़म को बोल्ड कर पाकिस्तान को चौथा झटका दे दिया.

आज़म ने 62 गेंदों पर छह चौके लगाए.आज़म के आउट होने के बाद कप्तान सरफराज अहमद (6) को पार्ट टाइम आफ स्पिनर केदार जाधव ने आउट किया.

साभार ;news 18