सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवती को बेरहमी से पीटते दिख रहे दिल्ली पुलिस के एक सहायक उप-निरीक्षक (एएआई) के बेटे को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर दो अलग-अलग मामलों में बलात्कार और धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
गृह मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा दिल्ली पुलिस कमिश्नर अमूल्य पटनायक को इस सिलसिले में आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिए जाने के कुछ घंटों बाद रोहित तोमर (21) नाम के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।
गृहमंत्री ने पुलिस कमिश्नर को दिए कार्रवाई के आदेश
शुक्रवार को जब केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने तिलक नगर में एक लड़की की एक युवक द्वारा बेरहमी से पिटाई का वीडियो देखकर पुलिस आयुक्त से इस मामले में कार्रवाई करने को कहा, तब दिल्ली पुलिस हकत में आई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, ”एक लड़की को एक युवक द्वारा बेरहमी से पीटे जाने का एक वीडियो मेरे संज्ञान में आया है। मैंने @DelhiPolice कमिश्नर से फ़ोन पर इस बारे में बात की है और इस पर उचित कारवाई करने के लिए कहा है।”
न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार, पुलिस ने बताया कि दो युवतियों के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ ‘आपराधिक भयादोहन एवं यौन हिंसा का एक मामला, जबकि दूसरा मामला बलात्कार का दर्ज किया गया है।
डीसीपी (वेस्ट) मोनिका भारद्वाज ने बताया कि पहला मामला पश्चिम दिल्ली के तिलक नगर थाना में गुरुवार को दर्ज किया गया। दरअसल, रोहित की एक दोस्त ने आरोप लगाया था कि रोहित ने उसे एक वीडियो दिखाया, जिसमें उसे एक युवती को पीटते देखा जा सकता है। रोहित ने कथित तौर पर उसे धमकी दी कि यदि उसने उसकी बात नहीं मानी, तो उसका भी यही हश्र होगा।
आरोपी मध्य जिले में नियुक्त दिल्ली पुलिस के एएसआई अशोक तोमर का बेटा है। वह पिछले महीने तक एक कॉल सेंटर में काम करता था और फिलहाल बेरोजगार है। वह दिल्ली विश्विवद्यालय के दूरस्थ शिक्षा विभाग का बीए (प्रोग्राम) द्वितीय वर्ष का छात्र है।
दूसरा मामला उत्तम नगर थाना में उस युवती ने दर्ज कराया है, जो वीडियो में दिख रही है। उसने शुक्रवार को पुलिस से संपर्क कर यह आरोप लगाया कि दो सितंबर को रोहित ने उसे उत्तम नगर में अपने दोस्त के ऑफिस में बुलाया और उससे बलात्कार किया।
वीडियो में यह देखा जा सकता है कि युवती जब रोहित के खिलाफ पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराने की बात कहती है, तब वह उसे पीटता है। एक और व्यक्ति को उसके आसपास उपस्थित देखा गया जबकि एक अन्य व्यक्ति ने घटना का वीडियो बनाया।
घटना का वीडियो बनाने वाला शख्स रोहित से युवती को पीटना बंद करने को कहते हुए सुना जा सकता है। लेकिन रोहित लगातार उसे पीटे जा रहा है। यहां तक वह पीड़िता को अपने पैरों से मार रहा है।
डीसीपी (द्वारका) एंटो अल्फोंस के मुताबिक, वीडियो में दिख रही युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी रोहित तोमर ने उसे उत्तम नगर में अपने दोस्त के ऑफिस में बुलाया था और उससे बलात्कार किया।
साभार :live hindustan