नई दिल्ली. आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली नगर निगम चुनाव से पहले बड़े वादे का ऐलान किया. उन्होने कहा, ‘अगर दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी (AAP) जीती तो नगर निगम में घरों पर लगने वाले हाउस टैक्स को ख़त्म कर देंगे और पुराना बकाया भी माफ़ कर देंगे’.
एमसीडी में करप्शन रोककर बचाएंगे पैसा
केजरीवाल ने कहा, ‘जब हमने दिल्ली में पानी मुफ्त किया था तब कहा गया था कि हमें इकोनॉमिक्स नहीं आती, लेकिन दिल्ली में हर महीने हर घर को 20,000 लीटर पानी मुफ्त देने के बावजूद दिल्ली जल बोर्ड सालाना 178 करोड़ के मुनाफे में है. अपने इस वादे को भी पूरा करने के लिए हम एमसीडी में करप्शन रोककर पैसा बचाएंगे.’
600 करोड़ रुपये सालाना का रेजिडेंशियल हाउस टैक्स
उन्होने कहा कि पूरी ज़िम्मेदारी और गणना करने के बाद हम ये ऐलान कर रहे हैं और एक साल में MCD को ठीक कर देंगे, घाटे से फायदे में ले आएंगे. एक अंदाज़े के मुताबिक, दिल्ली में करीब 600 करोड़ रुपये सालाना का रेजिडेंशियल हाउस टैक्स है. जबकि नगर निगम की आय का सबसे बड़ा स्रोत प्रॉपर्टी टैक्स, एक बड़ा हिस्सा हाउस टैक्स से आता है.
मनोज तिवारी ने किया पलटवार
वहीं दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने केजरीवाल के इस ऐला पर हमला करते हुए कहा ‘ये बड़ा शर्मनाक है कि केजरीवाल आज दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनाव जीतने पर हाउस टैक्स समाप्त करने की बात कर रहे हैं, जबकि बीते 2 साल से दिल्ली की केजरीवाल सरकार तीनों नगर निगम को कई बार लिखकर सख्ती से हाउस टैक्स लगाने और वसूलने के लिए कह चुकी है… खासतौर से अनधिकृत कॉलोनियों के निवासियों से.’