Sadprayas

गुरमेहर के समर्थक पाकिस्तानी, देश से बाहर निकाल फेंको – बीजेपी मंत्री

नई दिल्ली. रामजस कॉलेज की छात्रा द्वारा एबीवीपी के खिलाफ चलाये गये कैंपेन ने सोशल मीडिया पर नई बहस खड़ी कर दी है. जहां यूजर्स अपनी-अपनी प्रतिक्रियाये दे रहे हैं. वहीं इस मामले में बीजेपी के वरिष्ठ नेता और हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने विवादित बयान दिया है. उन्होने कहा कि, ‘जो लोग भी गुरमेहर कौर का समर्थन कर रहे हैं वह पाकिस्तान के समर्थक हैं, इसलिए ऐसे लोगों को देश से बाहर फेंक देना चाहिए.’

रामजस कॉलेज से शुरु हुई इस बहस ने नया राजनीतिक मोड़ ले लिया है. पिछले दिनों गुरमेहर के समर्थन में कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी आए थे. वहीं मंगलवार को गुरमेहर कौर को रेप धमकियां भी मिली जिसके बाद इस मामले में मंगलवार को मुख्यमंत्री केजरीवाल ने उप राज्यपाल अनिल बैजल से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की.

गुरमेहर कौर ने रेप की धमकियां मिलने के बाद दिल्ली महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई है. महिला आयोग में की गई शिकायत के संबंध में बुधवार (1 मार्च) को मामला दर्ज कर लिया गया है. दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता और विशेष पुलिस आयुक्त (दक्षिण-पश्चिम) दीपेंद्र पाठक ने कहा कि, ‘भारतीय दंड संहिता की धारा 354ए (यौन शोषण और यौन शोषण के लिए दंड), 506 (आपराधिक धमकी के लिए दंड) और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.’

Exit mobile version