मैं भी वामपंथी हूं
तू भी वामी
परन्तु अन्तर के साथ
मैं उस पर
विश्वास करता हूं
तू दावा
मैं उसे जीता हूं
और तू बोलता है।

मेरा वामपंथ
नीचे देखता है
तेरा ऊपर आसमान को
मेरा पीने का पानी-
खाने को रोटी तलाशता है
तेरा बिसलेरी की मांग करता है।

मेरा वाम समानता की
बात करता है
तेरा आवश्यकता की
मेरा वामपंथ पत्थरीली
सड़क पर पैदल चलता है
तेरा राजपथ पर
कार दौड़ता है।

मैं सहेजता हूं
उसके अवशेष भी
तू बेचता है
समूल उसे
तुझे घमण्ड है
वामपंथी होने का
मुझे गर्व है
असमानता के विरुद्ध
महा लड़ाई में
भागीदार होने का।

You May Also Like  भूख से मरने वाले को चुनना है कि पेट भरे या सेनिटाइज़र से हाथ धोये।